Nainital News 11 July 2023 : तीन पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड में दिए जाने पर केएमवीएन कर्मचारी महासंघ ने जताया विरोध
नवीन समाचार, नैनीताल, 11 जुलाई 2023। कुमाऊं मंडल विकास निगम संयुक्त कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटक आवास गृह मुक्तेश्वर, सातताल व परिचय रिजॉर्ट नौकुचियाताल को पीपीपी मोड में देने की कार्रवाई पर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गत 12 अप्रैल को हुए समझौते के तहत निगम कर्मचारी महासंघ ने दोनों निगमों के एकीकरण से पूर्व निगम के किसी भी आवास गृह सहित किसी भी इकाई को पीपीपी मोड में नहीं देने, निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, दोनों निगमों की वेतन विसंगति को दूर करने का प्रस्ताव रखा था।
उन्होंने कहा कि तीन आवास गृह को निजी क्षेत्र में देने से कम से कम 40 कर्मचारी प्रभावित होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में कहा है कि एक सप्ताह के भीतर निविदा को निरस्त नहीं किया गया तो निगम कर्मचारी आंदोलन करने को विवश होंगे। इसी संबंध में 18 जुलाई को निगम मुख्यालय नैनीताल में संयुक्त कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है जिसमें अग्रिम रणनीति तय की जाएगी।
महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कंचन चंदोला ने कहा कि निगम के किसी भी आवास गृह को पीपीपी मोड में नहीं दिया जाने दिया जाएगा। उन्होंने निगम के कर्मचारियों से एकजुट होने की अपील की है। महासंघ के उपाध्यक्ष गौतम कुमार व उपाध्यक्ष पीतांबर दुम्का ने कहा कि सरकार को पूर्व में हुए समझौते को शीघ्र लागू करना चाहिए।
Nainital News 11 July 2023 : 22वींनैनी ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता, पुरस्कारों की लगेगी झड़ी
नैनीताल। पर्वतीय सांस्कृतिक समिति नैनीताल द्वारा शारदा संघ के भवन में आगामी 23 जुलाई रविवार को 22वीं नैनी ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित किया गया है। आयोजक संस्था के अध्यक्ष ईश्वर दत्त तिवाड़ी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की संख्या केवल 60 तक सीमित रखी जाएगी।
प्रतियोगिता में पहले से 25वें स्थान तक आने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार दिये जाएंगे। पहला पुरस्कार 5100, दूसरा 4100, तीसरा 3500, चौथा 3100, पांचवा 2500, छठा 2100 तथा 7वें से 10वें स्थान तक प्रत्येक को 1800, 11वें से 25वें तक प्रत्येक को 1500, 21वें से 25वे स्थान तक 1100 रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही सर्वश्रेष्ठ बुजुर्ग एवं सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी को 1100-1100 तथा अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 व अंडर-15 वर्गों में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी दी जाएगी। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजक मंडल के घनश्याम लाल साह, अधिवक्ता डीके जोशी, नीरज साह, शेर सिंह बिष्ट, विश्वकेतु वैध व दिव्यांशु तिवारी आदि भी जुटे हुए हैं।
Nainital News 11 July 2023 : निजी भूमि पर सशुल्क पार्किंग के प्रस्ताव आमंत्रित
नैनीताल। नैनीताल नगर पालिका ने नगर में निजी भूमि पर पार्किंग के निर्माण के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। बताया गया है कि जिस भूमि पर अन्य निर्माण नहीं हो सकते, ऐसी खाली पड़ी निजी भूमि पर सशुल्क निजी पार्किंग का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। कोई भी व्यक्ति, फर्म, संस्था इसके लिए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। इन पार्किंग के माध्यम से नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू होने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
Nainital News 11 July 2023 : ठंडी सड़क पर आवागमन पूर्ण प्रतिबंधित
नैनीताल। नैनीताल के एडीएम अशोक जोशी ने जिला मुख्यालय स्थित ठंडी सड़क पर वर्षा के कारण पत्थर गिरने की संभावना को देखते हुए सिचाई विभाग के अधिकारियों को ठंडी रोड पर आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं।
सफाई वाहनों में जीपीएस लगाने के निर्देश
नैनीताल। डीएम वंदना ने नगर निगम हल्द्वानी व नगर पालिका नैनीताल सहित समस्त नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिकारियों को सभी सफाई वाहनों में जीपीएस लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं नैनीताल नगर में सफाई के दौरान इधर-उधर कर दी गई नालियों पर लगी लोहे की जालियों को यथावत लगाने व नालियों की सफाई के साथ गड्ढे भरने के निर्देश भी दिए हैं।
वापस सिचाई विभाग से लोनिवि को हस्तांतरित होंगे 62 नाले
नैनीताल। नगर के सभी 62 नालों को बेहतर अनुरक्षण के लिए सिचाई विभाग से लोनिवि को हस्तांतरित करने के संबंध में भी आज डीएम ने बैठक ली। उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह नाले नगर पालिका के पास ही थे। पिछली भाजपा सरकार के दौर में ही इन्हें लोनिवि से सिचाई विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया था।
Nainital News 11 July 2023 : पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन के लिए आखिरी कुछ घंटे शेष
नैनीताल। कुमाऊं विवि की वर्ष 2023 की पीएचडी प्रवेश परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की आखिरी तिथि 12 जुलाई यानी बुधवार को रात्रि 11.59 बजे समाप्त हो रही है। कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने याद दिलाते हुए प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से तय समय सीमा मंे आवेदन करने को कहा है।
Nainital News 11 July 2023 : कुमाऊं विवि ने घोषित किए बैक परीक्षाओं के परिणाम
नैनीताल। कुमाऊं विवि ने मंगलवार को एमएससी रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, चित्रकला एवं अर्थशास्त्र के प्रथम सेमेस्टर की बैक परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विवि के कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि परीक्षार्थी अपना परीक्षाफल विवि की आधिकारिक वेबसाइट केयूएनटीएल डॉट नेट पर लॉग इन करके तथा अपने परिसर व महाविद्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।
Nainital News 11 July 2023 : श्रीराम सेवक सभा में हर मंगलवार की तरह आयोजित हुआ सुंदरकांड का पाठ
नैनीताल। श्रीराम सेवक सभा में मंगलवार को भक्तिपूर्ण माहौल में गोस्वाती तुलसीदास रचित श्रीरामचरित मानस के सुंदर कांड का पाठ किया गया साथ ही प्रसाद वितरण हुआ। आयोजन में संस्था के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी सहित विमल चौधरी, गिरीश भट्ट, गिरीश जोशी, पारस जोशी, बिरेंद्र, मीनू साह, भारती साह, बीसी भट्ट, विमल साह, कन्नू साह प्रो. ललित तिवारी शामिल रहे। बताया गया है कि सभा के द्वारा हर मंगलवार को अपराह्न 4 बजे से सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है, जिसमें सभी नगर वासियों को आमंत्रित किया गया है।
(डॉ. नवीन जोशी) आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे ‘नवीन समाचार’ पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें सहयोग करें..यहां क्लिक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें, यहां क्लिक कर हमें गूगल न्यूज पर फॉलो करें। यहां क्लिक कर हमारे टेलीग्राम पेज से जुड़ें और यहां क्लिक कर हमारे फेसबुक ग्रुप में जुड़ें।
‘डॉ.नवीन जोशी, वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले पत्रकार’ एवं मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 140 मिलियन यानी 1.40 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।













3 जून 2009 से संचालित उत्तराखंड का सबसे पुराना डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘नवीन समाचार’ अपने आरंभ से ही उत्तराखंड और देश-दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरें आप तक पहुँचाने का प्रयास करता आ रहा है। हिंदी में विशिष्ट लेखन शैली हमारी पहचान है। हमारा उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक आवाज को मजबूती से सामने लाना, स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देना और हिंदी पत्रकारिता को जीवित रखना है। हमारे प्रत्येक समाचार एक लाख से अधिक लोगों तक और हर दिन लगभग 10 लाख बार पहुंचते हैं।