हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जिला चिकित्सालय में एक माह के भीतर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार व विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की बनी उम्मीद (Health facilities in District Hospital)

इस समाचार को सुनने के लिए यहाँ क्लिक करें

नवीन समाचार, नैनीताल, 8 जून 2023। (Health facilities in District Hospital)जिला मुख्यालय स्थित बीड़ी पांडे जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा एक बार पुनः चर्चा में है। कई बार उच्च न्यायालय के लगातार चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं को संज्ञान में लेने के बावजूद चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं की कमी लगातार नुमाया होती रहती है। गत दिवस एक चिकित्सा कर्मी की माता के उपचार में भी यहां की स्थितियों की पोल खुली।

Health facilities

ऐसी स्थितियों के बीच उच्च न्यायालय में जिला चिकित्सालय की चिकित्सा सुविधाओं की कमी पर मल्लीताल निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक साह की याचिका चल रही है। उच्च न्यायालय ने कोर्ट कमिश्नर विकास बहुगुणा को भेजकर भी जिला चिकित्सालय की सुविधाओं की जांच की थी। वहीं याचिका की सुनवाई से ठीक पहले प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने भी जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और उच्च न्यायालय में पेश होकर जिला चिकित्सालय पर अपनी 11 पेज की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

वहीं सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी और न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की खंडपीठ ने टिप्पणी की कि नैनीताल के अस्पताल की तुलना दिल्ली या हल्द्वानी से न करें। क्योंकि यह ग्रामीण क्षेत्र का एकमात्र जिला चिकित्सालय है। जिला चिकित्सालय रेफरल सेंटर बन कर रह गया है, जबकि हर मरीज हायर सेंटर जाने की स्थिति में नहीं होता है। यहां प्राथमिक उपचार की सुविधाएं होनी आवश्यक हैं।

खंडपीठ ने स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार को कोर्ट कमिश्नर विकास बहुगुणा की स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों की कमी से संबंधित रिपोर्ट पर कार्रवाई करने, जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति करने तथा उच्च न्यायालय की डिस्पेंसरी को अपराह्न दो बजे की जगह शाम 4 बजे तक खोलने को कहा। स्वास्थ्य सचिव ने इन सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से एक महीने का समय मांगा। खंडपीठ ने इस पर सरकार को एक महीने का समय देते हुए इस याचिका की सुनवाई के लिए 6 जुलाई की तिथि तय कर दी है। (डॉ. नवीन जोशी) आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे ‘नवीन समाचार’ पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Leave a Reply