पूर्व राष्ट्रपति का तीन दिवसीय नैनीताल दौरा, दलाई लामा के 90वें वर्ष पर पहुंची बाइक रैली, होली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, नैनी पब्लिक स्कूल में होली की धूम व कुमाऊँ विवि की छात्रा के नाम बड़ी उपलब्धि

इस समाचार को सुनने के लिए यहाँ क्लिक करें

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा

डॉ. नवीन जोशी @ नवीन समाचार, नैनीताल, 3 मार्च 2026 (Nainital News 3 March 2026)। भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार 5 फरवरी से उत्तराखंड के जनपद नैनीताल एवं आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार वे 5 मार्च को प्रातः 11 बजे 12 जनपथ, नई दिल्ली से प्रस्थान कर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से विमान द्वारा पंतनगर आएंगे। दोपहर में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पहुंचकर भोजन के उपरांत वहां से कार से काठगोदाम सर्किट हाउस पहुचेंगे, और वहां संक्षिप्त विश्राम के उपरांत अपराह्न तीन बजे भीमताल के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका रात्रि विश्राम भीमताल में ही रहेगा।

(Nainital News 3 March 2026)आगे 6 मार्च को वे भीमताल से प्रस्थान कर मल्ला रामगढ़ में संक्षिप्त प्रवास के बाद ग्राम सतखोल स्थित श्री राम चंद्र मिशन हिमालयन आश्रम पहुंचेंगे। यहां 6 और 7 मार्च को उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। 8 मार्च को प्रातः सतखोल से प्रस्थान कर वे भीमताल और काठगोदाम में संक्षिप्त ठहराव के बाद पुनः जीबी पंत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और वहां से दोपहर में पंतनगर हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान कर विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगे। उनके आगमन के दृष्टिगत प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

अलबत्ता नैनीताल जनपद के अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया श्री कोविंद का आगमन कार्यक्रम पूरी तरह से निजी है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री कोविंद बीते वर्ष 27 अक्टूबर 2025 को भी नैनीताल जनपद के निजी प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नैनीताल राजभवन में प्रवास किया था और बाबा नीब करौरी के कैंचीधाम के दर्शन किये थे।

पूर्व सैनिक दलाई लामा के 90वें वर्ष पर 90 दिवसीय बाइक रैली पर नैनीताल पहुंचे

eccbc87e4b5ce2fe28308fd9f2a7baf3 1496143217नैनीताल। करुणा वर्ष के रूप में मनाये गये तिब्बती समुदाय के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 90वें वर्ष पर स्पेशल फ्रंटियर फोर्स के दो पूर्व सैनिक जमायांग तेनजिंग और डेकीलिंग 90 दिवसीय बाइक रैली के माध्यम से भारत भ्रमण पर निकले हैं। मंगलवार को यह दोनों पूर्व सैनिक नैनीताल पहुंचे। देहरादून निवासी जमायांग तेनजिंग ने बताया कि यात्रा 10 दिसंबर से प्रारंभ हुई थी और अब तक लगभग 15 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य तिब्बती पहचान पर चीन के हमले के विरुद्ध जागरूकता फैलाना और तिब्बत की ऐतिहासिक स्थिति को मान्यता देने के लिए भारत से अपील करना है। आगे 10 मार्च को यह रैली दिल्ली में संपन्न होगी। उन्होंने 1959 में तिब्बत पर चीन के कब्जे के बाद तिब्बतियों के भारत आगमन और पिछले छह दशकों से अधिक समय से जारी संघर्ष का भी उल्लेख किया।

होली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नैनीताल। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए नैनीताल जनपद की पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने जनपदवासियों से सौहार्दपूर्वक होली मनाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग, मारपीट और जबरन रंग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष यातायात योजना लागू की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को तुरंत डायल 112 पर दी जा सकती है।

नैनी पब्लिक स्कूल में होली की धूम, छात्रों ने खेली अबीर-गुलाल की होली

c81e728d9d4c2f636f067f89cc14862c 1727448098नैनीताल। सरोवर नगरी के मल्लीताल स्थित प्रतिष्ठित नैनी पब्लिक स्कूल में होली का त्योहार हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यालय में शिक्षिकाओं ने होली का गायन किया और बच्चे रंगों के साथ उल्लास से सराबोर रहे। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और होली गीतों पर नृत्य कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

प्रधानाचार्य गिरीश सनवाल ने भी बच्चों के साथ होली मनाते हुए सभी को टीका लगाया और बच्चों को गुजिया के साथ जलपान भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से होली मनाने, पड़ोसियों को शुभकामनाएं देने और पर्व को आपसी सौहार्द के साथ यादगार बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

कुमाऊँ विश्वविद्यालय की छात्रा मिताली नेगी का जापान में इंटर्नशिप हेतु चयन

e4da3b7fbbce2345d7772b0674a318d5 1037526893नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की बीएससी की 7वें सेमेस्टर की छात्रा मिताली नेगी का चयन जापान के प्रतिष्ठित जापान एडवांस्ड इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में तीन माह की इंटर्नशिप के लिए हुआ है। यह इंटर्नशिप पूर्णतः जापान सरकार के वित्तीय सहयोग से होगी। मिताली इस सप्ताह जापान के लिए रवाना होंगी।

बताया गया है कि कुविवि के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत के जापान एडवांस्ड इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के साथ लंबे समय से अकादमिक संबंध रहे हैं और वे वहां विजिटिंग प्रोफेसर भी हैं। उनके प्रयासों से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान के लिए समझौता ज्ञापन हुआ, जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष विश्वविद्यालय के 2-3 विद्यार्थियों को अल्पकालिक इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को वहीं पीएचडी में प्रवेश का अवसर भी मिल सकता है। इस समझौते के तहत मिताली नेगी पहली छात्रा हैं, जिनका चयन हुआ है।

गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद ने हाल ही में यह व्यवस्था भी की है कि एक सेमेस्टर की इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को उस अवधि में नियमित कक्षाओं या परीक्षा में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। उनका मूल्यांकन शोध प्रबंध के आधार पर किया जाएगा। कुविवि के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रीतेश साह ने इसे विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।

नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर  के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं। 

आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..

Tags (Nainital News 3 March 2026) :

Nainital News 3 March 2026, Former President Ram Nath Kovind Uttarakhand Visit 2026 Schedule, Dalai Lama 90th Year Bike Rally Nainital Coverage, Nainital Police Holi Security Arrangements 2026, Naini Public School Holi Celebration Event, Kumaun University Student Selected For Japan Internship, GB Pant University Pantnagar Official Visit News, Satkhol Himalayan Ashram Ramchandra Mission Stay, Special Frontier Force Veterans India Ride Campaign, Nainital Administration Preparations For VIP Visit, DS Bisht Campus International Academic Collaboration Update, #UttarakhandNews #NainitalNews #RamNathKovindVisit #DalaiLama90 #HoliSecurity #EducationNewsIndia #InternationalInternship #KumaunUniversity #PublicAdministration #IndiaCurrentAffairs

Leave a Reply