पांच करोड़ से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
नवीन समाचार, नैनीताल, 11 अगस्त 2026 (Nainital News Today 11 August 2026)। नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में निर्माण विंग (Construction Wing) एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य बाधाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि मंडल में ऐसे 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं। इनमें से ऊधम सिंह नगर में सात, चंपावत में 15, नैनीताल में सात, अल्मोड़ा में छह, बागेश्वर में एक और पिथौरागढ़ में पांच कार्य निर्माणाधीन हैं।
समीक्षा में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल का विस्तार, केंद्रीय कारागार एवं संपूर्णानंद शिविर सितारगंज, काठगोदाम बस टर्मिनल (Bus Terminal), मेट्रोपोल होटल परिसर में सतही पार्किंग, रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो, सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, राजकीय पॉलीटेक्निक गरुड़ व गणाई गंगोली सहित विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक, टनकपुर में अंतरराज्यीय बस अड्डा, रोडवेज बस टर्मिनल-डिपो एवं कार्यशाला भवन, चंपावत और लोहाघाट के अग्निशमन केंद्र, टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ बेस चिकित्सालय, बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परीक्षा भवन सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।
बताया गया कि एक कार्य वन भूमि हस्तांतरण तथा एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रभावित है। खेल शाखा के चार कार्यों में से तीन भी गतिमान हैं। आयुक्त ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में पेयजल निगम के मुख्य अभियंता आलोक कुमार, निर्माण एवं पेयजल निगम के महाप्रबंधक अनुज पांडे, अल्मोड़ा के अधीक्षण अभियंता संदीप कश्यप, ऊधम सिंह नगर के मनीष करारा, हल्द्वानी के एके कटारिया, अर्थ एवं संख्या संयुक्त निदेशक राजेंद्र तिवारी, रुद्रपुर के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, हल्द्वानी के एसपी बडोनी, खेल इकाई के परियोजना प्रबंधक रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
48 स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान, एकल प्रयोग प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा हटाया
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में चल रहा वृहद स्वच्छता अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। विकासखंडों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय एवं वन क्षेत्रों में अभियान चलाकर 48 स्थानों से सिंगल यूज यानी एकल प्रयोग प्लास्टिक (Single-use Plastic), ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के साथ वन एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, नदी तटों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाए रखना है। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों एवं उनके आसपास फैले कूड़े-कचरे तथा ठोस अपशिष्ट को एकत्र किया गया। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान कर नदी और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों को नदी एवं जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने तथा प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की।
बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में 240 लोगों ने उठाया लाभ
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में प्रदेश सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर (Multi-specialty Health Camp) आयोजित हुआ, जिसमें 240 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नेत्र रोग, हड्डी रोग एवं मानसिक स्वास्थ्य सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं मुहैया कराई गईं। इसके साथ ही जनरल ओपीडी, आयुष, टीबी जांच एवं परामर्श, एनसीडी स्क्रीनिंग, चर्म रोग जांच, प्रयोगशाला जांच, एक्स-रे, ईसीजी, परिवार कल्याण सेवाएं व आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी निर्माण एवं संबंधित सेवाएं तथा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि मौसम की विषम परिस्थितियों के बावजूद क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य शिविर में पहुंचना उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और विश्वास को दर्शाता है। प्रतिकूल मौसम भी लोगों के स्वास्थ्य के प्रति इस प्रतिबद्धता को कम नहीं कर सका। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं लोगों के नजदीक पहुंचें और उन्हें समय पर जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिल सके। शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (Community Health Officer), आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कांग्रेसियों ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
नगर के मल्लीताल पंत पार्क में मंगलवार को कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा सरकार की ओर से की जा रही विरोध की नौटंकी के खिलाफ भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोके जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ हुई कथित नोकझोंक के विरोध में कांग्रेस का पुतला दहन किया था। इसके विरोध में मंगलवार को मल्लीताल पंत पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला फूंका। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोके जाने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के समक्ष विरोध दर्ज कराया था।
इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संजय कुमार संजू, सभासद जितेंद्र पांडेय व अंकित चंद्रा, विधानसभा अध्यक्ष शिवम बजाज, जिला सचिव कैलाश अधिकारी, नगर कांग्रेस महामंत्री संजय कुमार समेत सूरज पांडेय, सुमित शाह, पवन खनायत, पीके शर्मा, मुन्नी तिवारी, सुनीता आर्या, गीता मंडल, रेनू कोहली, देवकी देवी, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, सिद्धार्थ टंडन, रविंद्र राठौर, राहुल, नितिन जाटव, अर्जुन, कैलाश कुमार, प्रिंस, राजू लाल, भुवन बिष्ट, रोहित तिवारी, जुनेद अहमद, सचिन कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अपीलकर्ता इंद्रमणि को नहीं दी राहत
टिहरी बांध परियोजना के विस्थापितों के पुनर्वास से जुड़े मामले में हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अपीलकर्ता इंद्रमणि को राहत नहीं देते हुए उनकी विशेष अपील खारिज कर दी। मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने 4 अगस्त को मामले में फैसला सुरक्षित रखा था और 11 अगस्त (मंगलवार) को निर्णय सुनाया। खंडपीठ ने एकल पीठ के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें टिहरी बांध विस्थापित हिकमत सिंह पंवार को ऋषिकेश के पशुलोक स्थित पुनर्वास स्थल निर्मल ब्लॉक ए में कृषि भूखंड संख्या ई-31 आवंटित करने के निर्देश दिए गए थे।
यो पहाड़ फाउंडेशन ने जिला चिकित्सालय और स्कूल में बांटे फल
सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही संस्था यो पहाड़ फाउंडेशन द्वारा मंगलवार को राजकीय बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा माल रोड स्थित नगर पालिका की ओर से संचालित नर्सरी स्कूल में बच्चों को फल वितरित किए गए।
फाउंडेशन द्वारा जिला अस्पताल में पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्बयाल के साथ मिलकर सभी मरीजों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक संतोष बिष्ट ने फाउंडेशन के सामाजिक अभियानों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन केवल स्वास्थ्य और राहत कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ों की हरियाली बचाने के लिए भी संकल्पबद्ध है। इस दौरान सागर सोनकर, दीपा बिष्ट, दीप्ति बोरा, दिनेश पांडे, अभिषेक तिवारी, अर्जुन बोरा, लोकेश बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट तथा मयंक शाह मौजूद रहे।
एकतरफा मुकाबले में सेंट जोसेफ कॉलेज सेमीफाइनल में पहुंचा
सीआरएसटी ओल्ड बॉयज एसोसिएशन द्वारा आयोजित एवं नैनीताल बैंक द्वारा प्रायोजित पांडे स्मृति स्वतंत्रता दिवस फुटबाल प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को चौथा एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला नैंसी कॉन्वेंट स्कूल ज्योलीकोट और सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल के बीच खेला गया।
मैच में मध्यांतर तक सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल ने 5-0 की बढ़त बनाए रखी। निर्णायक क्षणों में मध्यांतर के पश्चात सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल ने चार गोल और कर स्कोर 9-0 कर दिया तथा प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की। सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल की ओर से मयंक सुयाल ने चार गोल, प्रव वर्मा ने दो गोल, लक्ष्य नेगी ने दो गोल और देवांश भट्ट ने एक गोल किया। आज के मुकाबले में प्रेम सिंह बिष्ट, शेखर साह एवं नकुल सिंह बिष्ट ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital News Today 11 August 2026) :
Nainital News Today 11 August 2026, Nainital construction projects, Kumaon division infrastructure, Deepak Rawat review meeting, Uttarakhand construction projects, major infrastructure projects Uttarakhand, Nainital cleanliness campaign, single use plastic cleanup Nainital, Bhimtal multi specialty health camp, Nainital health camp, BJP protest Nainital, Uttarakhand High Court news, Tehri dam displaced persons case, Yo Pahad Foundation, Nainital football tournament, CRST Old Boys Association, Nainital construction projects worth over five crore reviewed by commissioner, Kumaon division major construction projects progress review by Deepak Rawat, 48 locations covered under cleanliness campaign in Nainital district,
240 people benefit from multi specialty health camp in Bhimtal, High Court relief denied to appellant in Tehri dam rehabilitation case, Yo Pahad Foundation distributes fruits at Nainital district hospital and school, St Joseph College reaches semifinal of Pandey Memorial Independence Day football tournament, Nainital latest news, Uttarakhand latest news, #Nainital #NainitalNews #UttarakhandNews #Kumaon #DeepakRawat #Infrastructure #ConstructionProjects #CleanlinessCampaign #SingleUsePlastic #Bhimtal #HealthCamp #UttarakhandHighCourt #TehriDam #YoPahadFoundation #Football #NavinSamachar

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।



















3 जून 2009 से संचालित उत्तराखंड का सबसे पुराना डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘नवीन समाचार’ अपने आरंभ से ही उत्तराखंड और देश-दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरें आप तक पहुँचाने का प्रयास करता आ रहा है। हिंदी में विशिष्ट लेखन शैली हमारी पहचान है। हमारा उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक आवाज को मजबूती से सामने लाना, स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देना और हिंदी पत्रकारिता को जीवित रखना है। हमारे प्रत्येक समाचार एक लाख से अधिक लोगों तक और हर दिन लगभग 10 लाख बार पहुंचते हैं।