नवीन समाचार, नैनीताल, 27 जून 2026 (Nainital Latest News 27 June 2026)। नैनीताल में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अग्नि सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में शनिवार को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पालिका परिषद सभागार में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए 35 दिवसीय जूट बैग निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जबकि कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में मिशन ग्रीन के अंतर्गत पौधरोपण अभियान चलाया गया। वहीं अग्निशमन विभाग ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
जूट बैग निर्माण का 35 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
नगर पालिका परिषद नैनीताल के सभागार में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए नेशनल जूट बोर्ड के सहयोग से 35 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का संचालन निर्मला सोशल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल एवं नेशनल जूट बोर्ड के निदेशक किशन सिंह घुघत्याल ने किया। इस अवसर पर सामुदायिक मिशन प्रबंधक (सीएमएम) सीमा पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को जूट बैग निर्माण का व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाना है।
अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में निर्मला सोशल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के निदेशक संजीव भटनागर, रूबी भटनागर, हेमा बिष्ट सहित 35 महिला प्रतिभागी और मिशन की टीम मौजूद रही।
डीएसबी परिसर में मिशन ग्रीन के तहत पौधरोपण
कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा मिशन ग्रीन अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान केंद्र (आरएआरआई) के पूर्व प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. गिरीश चंद्र जोशी ने देवदार, बांज, बुरांश, पद्म तथा हाइड्रेंजिया के पौधे रोपे।
डॉ. जोशी ने कहा कि पौधरोपण केवल सेवा नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति मानव का नैतिक दायित्व है। विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने लोगों से जन्मदिन, विवाह, यज्ञोपवीत जैसे विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. जोशी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम को पूर्व निदेशक पर्यावरण संस्थान स्वर्गीय डॉ. रणबीर सिंह रावल तथा स्वर्गीय डॉ. सुचेतन साह की स्मृति को समर्पित किया गया। पौधे वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल आर्य द्वारा उपलब्ध कराए गए।
अग्निशमन विभाग ने जांची व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था
अग्निशमन केंद्र नैनीताल द्वारा अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में नगर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए।
पंचायती राज सेवाओं के लिए हरीश धामी सम्मानित
धारचूला क्षेत्र के ग्राम स्तरीय उद्यमी एवं कुमाऊँ विश्वविद्यालय सभा के सदस्य हरीश धामी को पंचायती राज आधारित सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पंचायती राज मंत्री जाविद अहमद डार तथा भारत सरकार के पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में देश के आठ राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
ठेली में आग लगाने का आरोप, अनुसूचित जाति परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
धारी क्षेत्र की ग्राम पंचायत अघरिया के निवासी ओम प्रकाश ने पड़ोसी ग्राम पंचायत के प्रधान पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। ओम प्रकाश के अनुसार वह धानाचूली-धारी मार्ग पर मौसमी फल एवं सब्जियों की अस्थायी दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि दुकान हटाने की धमकियों के बाद बीती रात उनकी ठेली को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया, जिससे उनका सारा सामान जल गया। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
चाँफी-पदमपुरी मोटरमार्ग की बदहाली पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने चाँफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटरमार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि सड़क की स्थिति शीघ्र नहीं सुधारी गई तो आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर डामरीकरण कार्य के नाम पर पुरानी सड़क उखाड़ दी गई है, लेकिन निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। जगह-जगह फैली निर्माण सामग्री और अधूरे कार्य के कारण रोजाना लंबा जाम लग रहा है तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग की तरह अत्यंत व्यस्त है और यहां अतिरिक्त श्रमिक लगाकर तेजी से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाना चाहिए।
बेतालघाट बाजार में चोक नाली से बढ़ी परेशानी, व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी
बेतालघाट बाजार में मुख्य सड़क किनारे लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित नाली कूड़े-कचरे और घास से पूरी तरह चोक हो जाने के कारण गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। व्यापारियों का आरोप है कि नाली निर्माण के बाद उसकी सफाई को लेकर लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते रहे हैं। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा भंडारी सहित व्यापारियों ने कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल में शिकायत दर्ज कराने और आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
जंगलिया गांव की खुली बैठक में ग्राम विकास योजनाओं को मिली मंजूरी
बेतालघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में ग्राम प्रधान राधा कुल्याल की अध्यक्षता में आयोजित खुली बैठक में वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) का अनुमोदन किया गया। बैठक में मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी-राम-जी योजना’ प्रस्तावित करने का भी निर्णय लिया गया। खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही आय सृजन एवं स्वच्छता गतिविधियों के लिए बाहरी व्यक्तियों से प्रति माह एक हजार रुपये पंचायत खाते में जमा कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital Latest News 27 June 2026) :
Nainital Latest News 27 June 2026, Nainital News, Self Help Group, Jute Training Program, National Jute Board, Mission Green, DSB Campus Nainital, Plantation Drive, Fire Safety Inspection, Harish Dhami, Panchayati Raj Award, Dhari News, Champi Padampuri Road, Uttarakhand News, Women Empowerment, Navin Samacha, Nainital Jute Bag Training Program 2026, National Jute Board Women Self Help Group Training, DSB Campus Mission Green Plantation Drive, Fire Safety Inspection Nainital Market, Harish Dhami Panchayati Raj Award, Dhari Street Vendor Fire Incident, Champi Padampuri Road Condition News, Women Self Employment Program Uttarakhand, #Nainital #WomenEmpowerment #JuteTraining #MissionGreen #PlantationDrive #FireSafety #KumaunUniversity #UttarakhandNews #SelfHelpGroup #NavinSamachar

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
