नवीन समाचार, नैनीताल, 7 सितंबर 2024 (Nainital News 07 September 2024 Navin Samachar)। आगामी 8 से 15 सितंबर तक प्रस्तावित 122वें श्री नंदा देवी महोत्सव के शुभारंभ की घड़ी करीब आते आयोजक संस्था श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता की और महोत्सव के बारे में जरूरी जानकारियां दीं। बताया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मल्लीताल के साथ तल्लीताल में भी होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राथमिकता दी जाएगी साथ ही महोत्सव के 11 से 15 सितंबर तक होने वाले सीधे प्रसारण में स्थानीय उत्पादों व स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जाएगा।
बताया कि जिलाधिकारी के द्वारा महोत्सव को यूनेस्को की विरासतों की सूची में स्थान दिलाने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। नगर पालिका से महोत्सव के लिये सभा को 11 लाख रुपये मिले हैं। पत्रकार वार्ता में सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, विमल चौधरी, देवेंद्र लाल साह, डॉ. ललित तिवारी, भुवन बिष्ट व अशोक साह आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह रहेगा नंदा देवी महोत्सव का कार्यक्रम
नैनीताल। बताया गया कि नंदा देवी महोत्सव 8 से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में 8 सितंबर को दोपहर दो बजे से महोत्सव का उद्घाटन और कदली वृक्ष हेतु प्रस्थान, 9 को दोपहर दो बजे से कदली वृक्ष का सुखाताल में स्वागत और पूजन, 10 को 12 बजे से मूर्ति निर्माण, 11 को सुबह तीन बजे ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा, पंच आरती, और देवी भोग होगा।

आगे 12 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, श्री दुर्गा सप्तशती पाठ, कन्या पूजन और डीएसए मैदान में महाभंडारा, 13 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, भजन कार्यक्रम और शाम को 7 बजे दीपदान, 14 को सुबह 6 बजे देवी पूजन, सुंदरकांड, पंच आरती और देवी भोग तथा 15 सितंबर को सुबह 6 बजे देवी पूजन, दोपहर 12 बजे देवी भोग, 12 बजे नगर में शोभायात्रा और शाम 6.30 बजे ग्वेलज्यू मंदिर के समीप मूर्ति विसर्जन किया जाएगा।
नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में आगामी 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से डीसीबी परिसर के सभागार में ‘रंगोत्सव अंतर विद्यालय नृत्य प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए रमा भट्ट को संयोजक और प्रेमा अधिकारी, दीपिका बिनवाल तथा तनु सिंह को सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। क्लब की सचिव दीपा पांडे ने बताया कि इस कार्यक्रम में नगर और आसपास के 32 विद्यालय भाग ले रहे हैं।
संयोजक रमा भट्ट ने बताया कि भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रतियोगिता तीन वर्गों सब-जूनियर, जूनियर, और सीनियर वर्ग में 5-5 मिनट के आवंटित समय में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को मंच पर लाने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम की तैयारी में रानी सह, हेमा भट्ट, जीवंती भट्ट, अमिता साह, मीनू बुदलाकोटी, कविता त्रिपाठी, प्रगति जैन, कविता गंगोला, कविता जोशी, विनीता पांडे, आभा साह, मीनाक्षी कीर्ति, पल्लवी राय, कंचन जोशी, लीला राज, दया कुंवर, सीमा सेठ, सरस्वती सिराला, रमा तिवारी, मंजू बिष्ट, गीता साह, पुष्पा कांडपाल, सरिता त्रिपाठी, जया वर्मा, प्राची आर्या व प्रभा पुंडीर आदि सदस्य उपस्थित रहे।
नैनीताल। अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन ने आज प्रधानाचार्य के पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा के माध्यम से शासन को प्रेषित किया। इस दौरान एसोसिएशन के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भीमताल स्थित मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक एकत्र हुए और भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की।
एसोसिएशन की मुख्य मांगों में प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती सेवा नियमावली 2022 को रद्द करने, सीधी भर्ती की प्रक्रिया को समाप्त कर पहले की तरह वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति करने और अनुसूचित जाति व जनजाति के शिक्षकों को भर्ती प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांगें शामिल है। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार टम्टा ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के कारण वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे कई अनुभवी शिक्षक पदोन्नति से वंचित हो जाएंगे।
महासचिव दीप दर्शन, रमेश चंद्रा, मनोज त्रिकोटी, सुनीता आर्या, इंद्र कुमार आर्या, हेमचंद्र आदि ने भी विचार रखे। सभा के दौरान दुर्गा प्रसाद, हरीश चंद्र, रवि शंकर, विपिन चंद्र, दयावंती आर्या, तेजपाल, अजय कुमार, लक्ष्मी नवाड़ी, ममता आर्या, निशा आर्या, अनिल कुमार, हेमंत कुमार, गिरीश बेरी आदि शिक्षक शामिल रहे।
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के भाषा, संस्कृति एवं कला परिषद द्वारा शुक्रवार को डीएसबी परिसर में ‘कुमाउनी संस्कृति का परिचय एवं विविध पक्ष’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्नातक और स्नातकोत्तर के कुल 28 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बताया गया है कि प्रतियोगिता का परिणाम शनिवार 7 सितंबर को आयोजित होने वाली ‘स्वरचित कुमाउनी कविता पाठ प्रतियोगिता’ के बाद समापन सत्र में घोषित किया जाएगा। भाषा, संस्कृति एवं कला प्रकोष्ठ की निदेशक प्रो. चंद्रकला रावत ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कुमाउनी संस्कृति की जानकारी देना और उनके लेखन कौशल को प्रोत्साहित करना था।
नैनीताल। उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी शनिवार 7 सितम्बर को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर आ रही हैं। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने बताया कि मुख्य सचिव प्रातः 8 बजे देहरादून से प्रस्थान कर 9 बजे कैलाखान हैलीपेड पहुंचेंगी। वहां से वह कार से राज्य अतिथि गृह नैनीताल आएंगी और 11 बजे से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में आहूत बैठक में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद अपराह्न 3 बजे कैलाखान हैलीपेड से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगी।
नैनीताल। विशिष्ट जनों से मुलाकात की नयी पहल पर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नैनीताल के उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने शुकवार को प्रख्यात साहित्यकार स्वर्गीय शैलेश मटियानी की धर्मपत्नी नीला मटियानी पत्नी से उनके चिड़ियाघर रोड स्थित घर जाकर मुलाकात की तथा उनकी कुशल क्षेम ली। साथ ही अवगत कराया कि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी उनके स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करते है। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय मटियानी के नाम पर उत्तराखंड में शिक्षकों को पुरस्कार दिये जाते हैं।
नैनीताल। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व गृह मंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का 137वां जन्मदिवस आगामी 10 सितंबर को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर उनके जन्म स्थान खूँट और नैनीताल सहित देश के विभिन्न स्थानों पर समारोह आयोजित किए जाएंगे, जहाँ उनकी मूर्तियों पर माल्यार्पण किया जाएगा।
पंत जयंती के मुख्य संयोजक पूरन मेहरा ने बताया कि नैनीताल में मल्लीताल स्थित गोविंद बल्लभ पंत पार्क में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोग भाग लेंगे। इसके अलावा शहर और आसपास के स्कूली बच्चे विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि वे 10 सितंबर को प्रातः 10.30 बजे पंत पार्क में उपस्थित होकर पंत जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करें। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ललित भट्ट, राजेश कुमार, गोपाल रावत, नंदा बल्लभ भट्ट, और विष्णु सिंह बिष्ट सहित कई अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। (Nainital News 07 September 2024 Navin Samachar)
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। यहां क्लिक कर हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, टेलीग्राम से, एक्स से, कुटुंब एप से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
(Nainital News 07 September 2024 Navin Samachar, Nainital News, Nainital News, Nainital News Today, 7 September 2024, Navin Samachar, NavinSamachar, Nanda Devi Festival, Inter-school Dance Competition, Opposition to direct recruitment process for the post of Principal, Chief Secretary’s Nainital program, Essay Competition, 137th Birth Anniversary of Bharat Ratna Pandit Govind Ballabh Pant, Bharat Ratna Pandit Govind Ballabh Pant,)
‘डॉ.नवीन जोशी, वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले पत्रकार’ एवं मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 140 मिलियन यानी 1.40 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।

