नैनीताल के 4 समाचार : विधानसभा में विकास के दावों पर सवाल, चाकू से हमला करने वाला गिरफ्तार, सरस्वती विहार के विद्यार्थियों ने देखी ‘गोदान’ व DM की बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं

इस समाचार को सुनने के लिए यहाँ क्लिक करें

कांग्रेस नेता पीसी गोरखा ने विकास के दावों पर उठाए सवाल, कहा-चुनाव जीतने के बाद जनता का धन्यवाद करने तक गांवों में नहीं पहुंचे कई निर्वाचित जनप्रतिनिधि

डॉ. नवीन जोशी @ नवीन समाचार, नैनीताल, 7 फरवरी  2026 (Nainital News 8 Feb 2026)। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री और कांग्रेस नेता पीसी गोरखा इन दिनों सघन जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने पंगोट, घुघु, सौड, बासी, बाघनी, सानडा, रानीकोटा और बागजाला क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। 

जनता से बातचीत के दौरान पीसी गोरखा ने राज्य सरकार के विकास दावों को गलत बताते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक है कि चुनाव जीतने के बाद कई निर्वाचित जनप्रतिनिधि आज तक जनता का धन्यवाद करने तक गांवों में नहीं पहुंचे।

उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक संजीव आर्य द्वारा शुरू किए गए कार्य आज भी अधूरे हैं और एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पाए हैं। देवीपुरा–सौड मोटरमार्ग बाघनी से आगे छड़ा गधेरे में दो वर्षों से मलबे से भरा पड़ा है, जहां ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। पंगोट–देचौरी मोटरमार्ग लटका हुआ है, जबकि बासी–अडिया–कोटाबाग मोटरमार्ग अब भी कच्चा है।

पीसी गोरखा ने कहा कि सड़कों पर गड्ढे भरना तो दूर, झाड़ियों की कटाई तक नहीं की गई है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। अमौठा–रियाड तीन किलोमीटर मार्ग का मिलान भी अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों ने बताया कि मोटरमार्गों के अभाव में वर्षा आधारित फसलों को बाजार तक पहुंचाने में भारी ढुलाई खर्च उठाना पड़ता है, जिससे पलायन बढ़ रहा है और गांव के गांव खाली होते जा रहे हैं। पीसी गोरखा ने कहा कि सरकार को पर्वतीय क्षेत्रों को उपेक्षा के भरोसे नहीं छोड़ना चाहिए और पर्यटन की दृष्टि से इन इलाकों को विकसित करने की ठोस योजना बनानी चाहिए।

इस दौरान उनके साथ खुशाल हाल्सी, जसवंत सिंह, मोहित बिष्ट, कैलाश आर्य, दीपचंद, पूरन चंद्र, कृपाल बिष्ट, जीवन राम, विपिन भट्ट, महेश कांडपाल, मथुरादत्त, कुंदन नेगी, शंभू बधानी, हरीश बधानी, संजय रावत, निर्मल अग्रवाल, डूंगर सिंह रावत, गिरीश भट्ट, हरीदत्त सनवाल, नवीन आर्य सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।

बेतालघाट में चाकू से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद

(Nainital News 8 Feb 2026)नैनीताल जनपद के बेतालघाट थाना क्षेत्र में गत दिनों एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी ग्राम घोड़िया हलसो, थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल ने बेतालघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि महेश आर्या पुत्र दयाल राम निवासी ग्राम हल्दयानी, थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया।

शिकायत के आधार पर थाना बेतालघाट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना थानाध्यक्ष विजय नेगी ने स्वयं ग्रहण की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नैनीताल जगदीश चंद्रा के पर्यवेक्षण तथा बेतालघाट के थानाध्यक्ष विजय नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपित महेश आर्या को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपित के कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई है। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस की कार्रवाई में आरक्षी दीपक सिंह व होमगार्ड जीवानंद दानी भी शामिल रहे।

पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के विद्यार्थियों ने देखी प्रेरणादायी फिल्म ‘गोदान’

(Nainital News 8 Feb 2026) पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार दुर्गापुर नैनीताल के विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से हल्द्वानी के वॉकवे मॉल स्थित सिनेमा हॉल में प्रेरणादायी फिल्म ‘गोदान’ दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदू सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और गो-संस्कृति के महत्व से परिचित कराया गया। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड सरकार ने इस फिल्म को टैक्स फ्री घोषित किया हुआ है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने किया। फिल्म के उपरांत संवाद के दौरान उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है और दूध, दही, घी स्वास्थ्य के साथ बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक हैं। उन्होंने गोबर और गोमूत्र की जैविक खेती व पर्यावरण संरक्षण में उपयोगिता बताते हुए गो-संरक्षण को सामाजिक दायित्व कहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और गो-संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा सभी ने फिल्म को प्रेरणादायी बताया।

जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षार्थियों को दी शुभकामनाएं, संयम और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील

आगामी बोर्ड परीक्षाओं के अवसर पर नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के समस्त परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों तथा उनके परिजनों से परीक्षा अवधि के दौरान संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, लेकिन इसे भय, तनाव या अत्यधिक दबाव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। परीक्षा विद्यार्थियों के ज्ञान और अभ्यास का मूल्यांकन करती है, न कि उनके व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्धारण। जिलाधिकारी ने कहा कि अंक जीवन के किसी एक चरण को दर्शाते हैं, लेकिन जीवन की दिशा तय नहीं करते। संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की आधारशिला होती है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपनी दिनचर्या को संतुलित और नियमित रखने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी के अनुसार पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और स्वस्थ मानसिक स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही विद्यार्थी अपनी वास्तविक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार स्वाभाविक ज्ञान और आत्मविश्वास को प्रभावित कर देती है।

उन्होंने विद्यार्थियों के परिजनों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का दबाव न डालें। इस समय विद्यार्थियों को भय या तनाव नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के मार्ग भी भिन्न हो सकते हैं।

पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।

नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट यहाँ क्लिक करके पढ़ी जा सकती है। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचारों के लिए यहाँ👉, अल्मोड़ा के समाचारों के लिए यहाँ👉, बागेश्वर के समाचारों के लिए यहाँ👉, चंपावत के समाचारों के लिए यहाँ👉, ऊधमसिंह नगर  के समाचारों के लिए यहाँ👉, देहरादून के समाचारों के लिए यहाँ👉, उत्तरकाशी के समाचारों के लिए यहाँ👉, पौड़ी के समाचारों के लिए यहाँ👉, टिहरी जनपद के समाचारों के लिए यहाँ👉, चमोली के समाचारों के लिए यहाँ👉, रुद्रप्रयाग के समाचारों के लिए यहाँ👉, हरिद्वार के समाचारों के लिए यहाँ👉और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार पढ़ने के लिये यहां👉 क्लिक करें।

आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। यहां क्लिक कर हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से यहाँ, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से, टेलीग्राम से, कुटुंब एप से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..

Tags (Nainital News 8 Feb 2026) :

Nainital News 8 Feb 2026, Uttarakhand Rural Development Issues, Uttarakhand Rural Development Issues,  Nainital Politics Ground Report, Betalghat Knife Attack Case Update, Nainital Police Crime Action, Haridwar And Nainital Education News, Inspirational Film Screening In Schools, Board Exam Preparation Guidance India, District Magistrate Message To Students, Uttarakhand Law And Order News, Uttarakhand Governance And Public Issues, #UttarakhandNews #NainitalNews #UttarakhandPolitics #RuralDevelopmentIndia #LawAndOrder #CrimeNewsIndia #EducationNews #BoardExams2026 #StudentMotivation #GovernanceAndPolicy

 

Leave a Reply