वीआईपी कल्चर पर कानून भारी, गलत दिशा से घुसी कार को आरक्षी ने लौटाया
नवीन समाचार, नैनीताल, 15 जुलाई 2026 (Nainital Latest News 15 July 2026)। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के नैनीताल (Nainital) नगर में मल्लीताल (Mallital) क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के दौरान एक राजनीतिक दल का स्टिकर लगाकर नियमों का उल्लंघन करने का प्रयास कर रहे कार चालक को पुलिस आरक्षी ने रोककर वापस लौटा दिया। ड्यूटी पर तैनात आरक्षी मनोज जोशी ने राजनीतिक प्रभाव की परवाह किए बिना यातायात नियमों का पालन कराते हुए वाहन को गलत दिशा में आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिसकर्मी की निष्पक्ष एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक तल्लीताल से मल्लीताल की ओर गलत दिशा से वाहन लेकर प्रवेश कर गया था। वाहन पर एक राजनीतिक दल का स्टिकर लगा होने के कारण चालक को उम्मीद थी कि उसे बिना रोके आगे जाने दिया जाएगा। आरक्षी मनोज जोशी ने बैरिकेड लगाकर वाहन को रोक दिया और चालक को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। बताया गया कि चालक ने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन आरक्षी ने स्पष्ट कर दिया कि कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके बाद चालक को वाहन वापस मोड़ना पड़ा।
मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश के बाद वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को मिलेगी राहत
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के नैनीताल नगर में उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को निजी चिकित्सालयों में गोल्डन कार्ड (Golden Card) योजना के अंतर्गत होने वाली परेशानियों के समाधान के लिए नैनीताल की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई 2026 को उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन तथा वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में निजी चिकित्सालयों में आयुष्मान योजना एवं गोल्डन कार्ड की सुविधाओं की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं होने का विषय उठाया गया था।
इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (Indian Medical Association-IMA) हल्द्वानी-नैनीताल को पत्र जारी कर सभी निजी चिकित्सालयों के पंजीकरण कक्ष में अनिवार्य रूप से डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। डिस्प्ले बोर्ड पर आयुष्मान योजना एवं गोल्डन कार्ड के अंतर्गत उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं का स्पष्ट उल्लेख करना होगा, जिससे रोगियों एवं उनके परिजनों को पहले से आवश्यक जानकारी मिल सके।
एलटी शिक्षकों की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी, दो सप्ताह में मांगी गईं आपत्तियां
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के नैनीताल नगर में कुमाऊँ मंडल के अपर निदेशक, माध्यमिक शिक्षा कार्यालय ने वर्ष 1992 से 1996 के बीच मौलिक नियुक्ति एवं पदोन्नति प्राप्त एलटी (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) शिक्षकों की पुनर्निर्धारित अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी है।
मंडलीय अपर निदेशक गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि वरिष्ठता सूची का पुनर्निर्धारण उत्तराखंड अधीनस्थ शिक्षा (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) सेवा नियमावली, विभिन्न न्यायालयों के निर्णयों तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी शिक्षक को वरिष्ठता सूची अथवा वरिष्ठता क्रमांक पर आपत्ति है तो वह आवश्यक अभिलेखों सहित 14 दिनों के भीतर अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर में डीएसबी परिसर के कैडेटों ने जीते चार पदक
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के नैनीताल नगर में कुमाऊँ विश्वविद्यालय (Kumaun University) के डीएसबी परिसर (DSB Campus) की एनसीसी (NCC) नौसेना विंग के कैडेटों ने महाराष्ट्र (Maharashtra) के लोनावला (Lonavala) स्थित आईएनएस शिवाजी (INS Shivaji) में आयोजित अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत एवं एक कांस्य पदक प्राप्त किए।
एनसीसी अधिकारी प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह ने बताया कि प्रियांशु आर्य ने सीमैनशिप प्रतियोगिता तथा आरोही चौधरी ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा में स्वर्ण पदक, मानवी सनवाल ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा में रजत पदक तथा गौरव जनोटी ने क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया।
शिविर के दौरान कैडेटों ने सीमैनशिप, बोट पुलिंग, बोट रिगिंग, फायरिंग, ड्रिल, सेमाफोर, शिप मॉडलिंग तथा हेल्थ एंड हाइजीन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। उन्होंने एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, आईएनएस शिवाजी के कमांडिंग अधिकारी कमोडोर एस पार्थिबन, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव तथा महाराष्ट्र एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी से भी मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान रावत सहित विश्वविद्यालय एवं एनसीसी अधिकारियों ने सभी पदक विजेता कैडेटों को बधाई दी।
जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से प्रभावित हुई सिजेरियन प्रसव सेवा
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के नैनीताल नगर स्थित बीडी पांडे जिला चिकित्सालय (BD Pandey District Hospital) में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की कमी के कारण सिजेरियन प्रसव सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गई हैं। वर्तमान में जटिल प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं को लगभग 40 किलोमीटर दूर हल्द्वानी (Haldwani) के चिकित्सालयों के लिए संदर्भित किया जा रहा है।
चिकित्सालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों के तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन दो चिकित्सकों के अवकाश पर होने के कारण केवल सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार डॉ. रुचि गुप्ता लगभग नौ माह से अवकाश पर हैं, जबकि डॉ. प्रेमा फर्त्याल चिकित्सा अवकाश पर हैं। तीसरी विशेषज्ञ डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल के पास प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व भी है। ऐसे में सिजेरियन प्रसव एवं अन्य जटिल मामलों का नियमित उपचार संभव नहीं हो पा रहा है।
हाल ही में कैंची (Kainchi) क्षेत्र से आई गर्भवती पूजा को भी सिजेरियन प्रसव के लिए हल्द्वानी संदर्भित करना पड़ा। परिजनों ने बताया कि बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्ग से इतनी लंबी दूरी तय करना जोखिमपूर्ण एवं आर्थिक रूप से कठिन है। प्रभारी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी तथा अतिरिक्त प्रशासनिक दायित्वों के कारण नियमित सिजेरियन प्रसव कराना संभव नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र वैकल्पिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital Latest News 15 July 2026) :
Nainital Latest News 15 July 2026, Uttarakhand News, Nainital News, Haldwani News, Traffic Rules Nainital, VIP Culture News, Ayushman Golden Card Uttarakhand, LT Teachers Seniority List, Kumaun University NCC News, All India Nau Sainik Camp, BD Pandey District Hospital, Nainital Health News, Uttarakhand Education News, Local Governance Uttarakhand, Nainital Latest Updates, Uttarakhand Regional News, #UttarakhandNews #NainitalNews #HaldwaniNews #TrafficRules #VIPCulture #AyushmanBharat #NCC #KumaunUniversity #HealthNews #EducationNews #LocalNews #HindiNews #NavinSamachar

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
