नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपित की जमानत याचिका खारिज
नवीन समाचार, नैनीताल, 3 अगस्त 2026 (Nainital News Today 3 August 2026)। नैनीताल जनपद के विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एवं एफटीएससी सुधीर तोमर की अदालत ने नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपित बाला दत्त उर्फ विक्की पुत्र केशव दत्त निवासी ग्राम मल्ला घनेटा, देघाट, जनपद अल्मोड़ा की भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत दायर जमानत याचिका निरस्त कर दी है।
अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुशील कुमार शर्मा ने न्यायालय को बताया कि 15 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि 13 मई 2026 की रात आरोपित नाबालिग बालिका को उसके घर से बहला-फुसलाकर ले गया। बाद में पुलिस ने पीड़िता को आरोपित की मोटरसाइकिल से बरामद किया। अभियोजन के अनुसार मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपित उसे पतलोट होते हुए हल्द्वानी ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
उसने यह भी आरोप लगाया कि इससे लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व भी आरोपित ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। अभियोजन ने न्यायालय को बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण में शारीरिक संबंध बनाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने 20 जून 2026 को आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। न्यायालय ने पीड़िता की आयु, मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट तथा आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी।
बिड़ला विद्या मंदिर ने निशांत स्कूल को 5-0 से हराकर दर्ज की एकतरफा जीत
नैनीताल। सीआरएसटी ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल द्वारा द नैनीताल बैंक लिमिटेड प्रायोजित पांडे स्मृति स्वतंत्रता दिवस फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को डीएसए मैदान में एकमात्र मुकाबला खेला गया।
बिड़ला विद्या मंदिर और निशांत स्कूल के बीच हुए मुकाबले में बिड़ला विद्या मंदिर ने 5-0 से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से आयुष्मान, शहनवाज और नमों ने एक-एक गोल किया, जबकि शिवेष ने दो गोल दागे। निशांत स्कूल के खिलाड़ियों ने भी पूरे मैच में संघर्ष किया, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सके। मैच में रेफरी की भूमिका अपूर्व बिष्ट, शेखर और नकुल ने निभाई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए एसोसिएशन के संरक्षक कैप्टन (सेनि.) एल.एम. साह, अध्यक्ष जगदीश चंद्र बवाड़ी, महासचिव डॉ. मनोज सिंह बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रहे। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।
पालिका कार्यालय पहुंची टेंडर जांच समिति, अभिलेखों की जांच कर मांगी अतिरिक्त जानकारी
नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल की बोर्ड बैठक में चुंगी निविदा में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा गठित जांच समिति ने सोमवार को पालिका कार्यालय पहुंचकर टेंडर से संबंधित अभिलेखों की जांच की।
एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि समिति ने दस्तावेजों का परीक्षण करने के साथ पालिका से कुछ बिंदुओं पर अतिरिक्त जानकारी भी मांगी है। जांच रिपोर्ट इस सप्ताह के अंत तक प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। इस दौरान समिति में एसडीएम नवाजिश खलीक, उपनिदेशक वित्त एटीआई ऋचांशु शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना तथा पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पालिका कर निर्धारण समिति ने 76 मामलों पर सुनवाई कर किया निस्तारण
नैनीताल। नगर पालिका परिषद सभागार में सोमवार को कर निर्धारण समिति की बैठक अध्यक्ष ललिता दफौटी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में कुल 76 मामलों पर सुनवाई हुई, जिनमें 49 मामलों का नियमित रूप से निस्तारण किया गया, जबकि 27 एकतरफा मामलों का भी निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त दाखिल-खारिज के दो मामलों पर भी सुनवाई की गई। बैठक में समिति की अध्यक्ष ललिता दफौटी, सदस्य सपना बिष्ट, शीतल कटियार, गीता उप्रेती, गजाला कमाल, मनोज साह जगाती, जितेंद्र कुमार पांडे, कर निरीक्षक वेद प्रकाश सैनी, कार्यालय अधीक्षक शिवराज सिंह नेगी, प्रशासनिक अधिकारी सुनील खोलिया, रितेश कपिल, दीपक पांडे, पीयूष भंडारी, अंकित, दीपराज तथा शाकिर उपस्थित रहे।
बार भवन के विकास के लिए विधायक निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा
नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की विधायक सरिता आर्या ने सोमवार को जिला बार एसोसिएशन के आग्रह पर बार भवन का निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक निधि से 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इससे पूर्व जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बार भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और अधिवक्ताओं से आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े अधिवक्ताओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है तथा बार भवन के विकास में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट एवं सचिव संजय सुयाल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहयोग से बार भवन के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
चेहलुम पर नैनीताल में आयोजित हुई जिक्र-ए-हुसैन की महफिल
नैनीताल। मुहर्रम कमेटी की ओर से चेहलुम के अवसर पर सोमवार को इमामबाड़ा रजा क्लब में जिक्र-ए-हुसैन की महफिल आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुरआन शरीफ की तिलावत से हुआ। इसके बाद शाहिद अली वारसी ने नात-ए-पाक पेश की। बरेली से आए हाफिज साहब ने इमाम हुसैन की शान में मनकबत पेश की। इसके बाद बरेली शरीफ से पधारे हजरत असलम मियां वामीकी अशरफी ने अपने संबोधन में हजरत इमाम हुसैन के जीवन, कर्बला की घटना तथा उनकी शहादत के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन का जीवन सत्य, इंसाफ और इंसानियत के लिए संघर्ष का प्रतीक है। महफिल के अंत में सलातो-सलाम पढ़ा गया तथा देश और नैनीताल में अमन, भाईचारे एवं शांति के लिए दुआ की गई। नमाज-ए-मगरिब के बाद लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital News Today 3 August 2026) :
Nainital News Today 3 August 2026, Nainital News, Nainital Court News, POCSO Case Uttarakhand, Minor Kidnapping Case, Bail Rejected Nainital, CRST Football Tournament, Birla Vidya Mandir Nainital, Nainital Municipality Tender Probe, Property Tax Committee Nainital, Bar Association Nainital, Sarita Arya News, Muharram Nainital, Zikr-e-Hussain Nainital, Uttarakhand Local News, Navin Samachar, Nainital POCSO court rejects bail petition, Birla Vidya Mandir defeats Nishant School 5-0, Nainital municipality tender inquiry latest update, MLA Sarita Arya announces funds for Bar Building, Chehlum Zikr-e-Hussain held in Nainital, #NavinSamachar #Nainital #Uttarakhand #POCSO #CourtNews #CrimeNews #Football #CRST #Municipality #TenderProbe #BarAssociation #SaritaArya #Muharram #ZikrEHussain #LocalNews #BreakingNews #UttarakhandNews #NainitalUpdates #LegalNews #SportsNews

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
