आय से अधिक संपत्ति मामले में फैसला सुनाने से पहले न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने मामला दूसरी पीठ को भेजने के निर्देश दिए
नवीन समाचार, नैनीताल, 15 सितंबर 2026 (Nainital News Today 15 September 2026)। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी (Ganesh Joshi) के आय से अधिक संपत्ति मामले में नैनीताल उच्च न्यायालय (Nainital High Court) से महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। उच्च न्यायालय में विचाराधीन याचिका में न्यायालय का आधिकारिक फैसला आने से पूर्व ही आदेश अपने पक्ष में होने का दावा करना मंत्री गणेश जोशी को भारी पड़ गया है। मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति आलोक मेहरा (Justice Alok Mehra) की एकलपीठ ने पूर्व में सुनवाई पूरी कर सुरक्षित रखे फैसले को जारी करने से मना करते हुए मामले को दूसरी पीठ को संदर्भित करने के निर्देश दिए हैं।
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि 8 सितंबर 2026 को इस मामले में बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रखा गया था, लेकिन कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण पूर्व पीठ द्वारा निर्णय दिया जाना उचित नहीं होगा। उच्च न्यायालय ने रजिस्ट्री को निर्देश दिए हैं कि इस आपराधिक पुनरीक्षण याचिका (Criminal Revision Petition) CRLR/344/2025 को नई पीठ नामित करने के लिए मुख्य न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
गौरतलब है कि देहरादून निवासी विकेश नेगी (Vikesh Negi) ने याचिका दायर कर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया था। इससे पूर्व वर्ष 2025 में विशेष न्यायाधीश विजिलेंस (Special Judge Vigilance) / अपर जिला जज देहरादून की अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद इसे उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी।
न्यायालय द्वारा फैसला सुरक्षित रखे जाने के बाद 11 सितंबर को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रेस वार्ता में बयान दिया था कि न्यायालय में इनके विरुद्ध विचाराधीन याचिका खारिज हो गई है। फैसले से पहले ही मंत्री द्वारा दावा किए जाने के बाद मंगलवार को न्यायालय में हुई प्रक्रिया के तहत न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकलपीठ ने मामले को अब मुख्य न्यायाधीश के समक्ष दूसरी पीठ को संदर्भित करने के लिए भेज दिया है। इसके बाद नई पीठ के गठन पर ही आगे की सुनवाई संभव होगी।
अधिवक्ता नवनीश नेगी को कथित धमकी भरा पत्र मिलने से वकील समाज में रोष
अंकिता भंडारी हत्याकांड (Ankita Bhandari Murder Case) व कोटद्वार के मोहम्मद दीपक प्रकरण की उच्च न्यायालय में पैरवी कर रहे अधिवक्ता नवनीश नेगी (Navneesh Negi) को कथित तौर पर बहुभाषीय धमकी भरा पत्र मिलने से वकील समाज में रोष है।
पत्र में पहले सड़क दुर्घटना कराने और फिर हमला करने की धमकी का दावा किया गया है। इसकी शिकायत भवाली थाने में धमकी भरे पत्र और लिफाफे के साथ दर्ज कराई गई है। इस घटना के विरोध में उत्तराखंड उच्च न्यायालय बार सभागार में मंगलवार को आपात बैठक आयोजित की गई। इसमें बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र सिंह रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र सिंह पाल सहित भुवनेश जोशी, एमसी पंत और कमलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
बैठक में सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि न्यायिक पैरवी को प्रभावित करने की यह कोशिश न्याय प्रक्रिया पर सीधा हमला है। बैठक में अधिवक्ताओं ने सरकार से उत्तराखंड में जल्द से जल्द अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocate Protection Act) लागू करने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना है कि राजस्थान, केरल और झारखंड जैसे राज्यों की तर्ज पर आगामी मानसून सत्र में ही यह कानून लाया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ता बिना किसी भय के न्यायालय में अपनी भूमिका निभा सकें।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यह किसी एक वकील का विषय न होकर पूरे अधिवक्ता समाज की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इन्होंने पुलिस व संबंधित जांच एजेंसियों से धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर इनके विरुद्ध त्वरित एवं निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
कुविवि नैनीताल ने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का एक और अवसर दिया
नैनीताल (Nainital)। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल (Kumaun University Nainital) ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश से संबंधित लंबित प्रकरणों को देखते हुए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का एक और अवसर प्रदान किया है।
कुलसचिव प्रो. रजनीश पाण्डे (Prof. Rajnish Pandey) द्वारा जारी सूचना के अनुसार 14 सितंबर 2026 को समर्थ प्रवेश पोर्टल (Samarth Admission Portal) पर उत्पन्न तकनीकी समस्या के कारण कुछ अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में अपनी प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर सके। विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए तथा कुलपति के अनुमोदन के क्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश एवं प्रवेश शुल्क संबंधी लंबित कार्यवाही को पूर्ण करने के लिए समर्थ पोर्टल पर ‘रिव्यू एंड प्रोसेस’ (Review and Process) सुविधा 16 सितंबर 2026 तक सक्रिय रखी जा रही है।
कुलसचिव प्रो. पाण्डे ने विश्वविद्यालय परिसर तथा सभी संबंधित महाविद्यालयों और संस्थानों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है कि इस विस्तारित अवधि का उपयोग करते हुए ऐसे सभी पात्र अभ्यर्थियों, जिनकी प्रवेश संबंधी कार्यवाही तकनीकी समस्या के कारण लंबित रह गई थी, के प्रवेश एवं प्रवेश शुल्क से संबंधित आवश्यक विवरण समर्थ पोर्टल पर समय से अद्यतन कराना सुनिश्चित करें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों एवं संस्थानों से विद्यार्थियों को इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने तथा निर्धारित अंतिम तिथि के भीतर लंबित प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया है।
लेक सिटी वेलफेयर क्लब ने किया रंगोत्सव का आयोजन, 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
लेक सिटी वेलफेयर क्लब (Lake City Welfare Club) नैनीताल (Nainital) की ओर से नैनीताल में मंगलवार को कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक (Kurmachal Nagar Sahkari Bank) के सहयोग से रंगोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता रत्नेश सक्सेना (Ratnesh Saxena) ने दीप प्रज्वलित कर किया। रंगोत्सव में नगर के 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में सनवाल स्कूल ने प्रथम, निर्मला एकेडमी ने द्वितीय तथा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उमंग प्रिपरेटरी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार तथा अमेरिकन किड्स को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। जूनियर वर्ग में सेंट जॉन स्कूल नैनीताल ने प्रथम, रामा मॉन्टेसरी स्कूल ने द्वितीय और लेकस इंटरनेशनल स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नैनी पब्लिक स्कूल एवं राधा चिल्ड्रेन्स एकेडमी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक दीपा जोशी व श्रद्धा गुरुरानी रहे।
सीनियर वर्ग में मोहनलाल साह बाल विद्या मंदिर नैनीताल ने प्रथम, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल भवाली ने द्वितीय तथा लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल नैनीताल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजकों ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यालयों को बधाई देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital News Today 15 September 2026) :
Nainital News Today 15 September 2026, Nainital News, Uttarakhand High Court, Ganesh Joshi Income Disproportionate Assets Case, Alok Mehra High Court, Ganesh Joshi Court Case, Navneesh Negi Threat Letter, Uttarakhand Advocate Protection Act, Kumaun University Admission, Samarth Admission Portal, Nainital Education News, Lake City Welfare Club, Rangotsav 2026 Nainital, Nainital Cultural Competition, Nainital Latest News, Uttarakhand Latest News, Ganesh Joshi disproportionate assets case latest High Court update, Uttarakhand High Court refers Ganesh Joshi case to another bench, advocate Navneesh Negi receives alleged threat letter, Kumaun University extends admission process deadline September 2026, Rangotsav 2026 competition among Nainital schools, #NainitalNews #UttarakhandNews #UttarakhandHighCourt #GaneshJoshi #HighCourtNews #AlokMehra #NavneeshNegi #AdvocateProtectionAct #KumaunUniversity #SamarthPortal #NainitalEducation #Rangotsav2026 #LakeCityWelfareClub #NainitalUpdates #LatestNews

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।