नवीन समाचार, बागेश्वर, 30 जुलाई 2024 (ABVP-NSUI worker clashed-Professor also attacked)। राज्य के विश्वविद्यालयों व परिसरों में नये शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने और जल्द छात्र संघ चुनाव होने की संभावनाओं के बीच छात्र संगठनों के बीच संघर्ष दिखने लगा है। जनपद मुख्यालय स्थित महाविद्यालय परिसर में अभाविप यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये। इस दौरान आपस में हाथापाई के साथ एक प्राध्यापक पर भी एक छात्र द्वारा हमला किये जाने व उनके कपड़े भी फाड़ दिये जाने की बात सामने आ रही है।
जनपद मुख्यालय में अभाविप यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा गुरु दक्षिणा कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर में चल रहा था। इस पर एनएसयूआई छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। इस पर दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और नौबत हाथापाई तक आ गई। इस दौरान एक छात्र ने अर्थशास्त्र के प्राध्यापक पर भी हमला कर दिया। इससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना के बाद पुलिस उपाधीक्षक व कोतवाल मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत किया। मामले में दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दी है।
अभाविप का आरोप
अभाविप की ओर से दी गई शिकायत में सौरभ जोशी ने कहा कि उनका बीडी पांडेय परिसर में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता वहां पहुंचे और परिषद कार्यकर्ताओं तथा अर्थशास्त्र विभाग के अतिथि प्राध्यापक अमित जोशी के साथ मारपीट की गई। उनके कपड़े तक फाड़ दिए। उन्होंने मामले में आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
वहीं एनएसयूआई की ओर से पूर्व विवि प्रतिनिधि पंकज कुमार ने भी शिकायत सौंपी है, जिसमें उनका कहना है कि आरएसएस व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा परिसर में बिना किसी अनुमति के एक कार्यक्रम चलाया जा रहा था। पूछताछ करने पर उन्होंने हमला कर दिया। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया और गाली-गलौज के साथ धमकी भी दी। साथ ही छात्रसंघ अध्यक्ष राहुल कुमार ने भी पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर मामले की जांच की मांग की है। कहा है कि यदि जांच नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का बयान (ABVP-NSUI worker clashed-Professor also attacked)
इस मामले में नगर क्षेत्राधिकारी अंकित कंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (ABVP-NSUI worker clashed-Professor also attacked)
‘डॉ.नवीन जोशी, वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले पत्रकार’ एवं मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 140 मिलियन यानी 1.40 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।