कुमाऊं विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर चैंपियन
-डीएसबी के अर्णव त्रिपाठी और नकुल देव साह का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिये हुआ चयन
डॉ. नवीन जोशी @ नवीन समाचार, नैनीताल, 7 मार्च 2026 (Nainital News 7 March 2026)। कुमाऊं विश्वविद्यालय का सर्वप्रमुख डीएसबी परिसर नैनीताल विवि की अंतर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में चैंपियन साबित हुआ है। शनिवार को डीएसबी परिसर के कला संकाय सभागार में आयोजित हुई प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर, जीसी गुड़िया लॉ कॉलेज काशीपुर, एचएनबी कॉलेज खटीमा, आईएमटी काशीपुर और वासुदेव लॉ कॉलेज के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में अर्णव त्रिपाठी, नकुल देव साह, मनोज, वाणी, प्रतीक, रेणु, रक्षित, सुनिष्ठ, नवराज और मुस्कान ने “वर्तमान शिक्षा प्रणाली युवा वर्ग के सुदृढ़ मानसिक स्वास्थ्य के विकास में सहायक है” विषय पर पक्ष और विपक्ष में प्रभावी तर्कों के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। सर्वाधिक अंक प्राप्त कर मेजबान डीएसबी परिसर ने चैंपियनशिप ट्रॉफी प्राप्त की, जबकि एचएनबी कॉलेज खटीमा को उपविजेता ट्रॉफी मिली। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अर्णव त्रिपाठी और नकुल देव साह दिल्ली में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत, विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, आयोजक सचिव डॉ. संतोष कुमार के साथ निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू लोधियाल और डॉ. ललित शामिल रहे। विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए। आयोजन में अनीता रावत, अपूर्व बिष्ट, चारू, शिखा, अतुल, लाल सिंह, अजय, कुंदन, डॉ. पांडेय, दीपांशु और साकेत सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत को 65वीं पुण्यतिथि पर दी गयी श्रद्धांजलि
नैनीताल। उत्तर प्रांत के प्रधानमंत्री, देश के प्रथम गृह मंत्री और प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 65वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को मल्लीताल स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पंडित पंत के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक पूरन मेहरा ने कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत को मानवता के प्रति सम्मान, मूल्यों के प्रति निष्ठा और असहाय लोगों के प्रति आत्मीयता के लिए जाना जाता है।
इन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति से पूर्व संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व निभाया और स्वतंत्रता के बाद उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने। इसके बाद इन्होंने केंद्र सरकार में गृह मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। अन्य वक्ताओं ने कहा कि पंत ने रौलेट एक्ट जैसे दमनकारी कानूनों का विरोध करते हुए जनता को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराया और स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। त्रिभुवन फर्त्याल ने उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी और उत्तराखंड का गौरव बताया।
कार्यक्रम में अनुपम कबडवाल, हीरा सिंह शाही, अतुल पाल, निर्मल मुखर्जी, गोविंद जोशी, जीनू पांडे, पीयूष जोशी, प्रदीप कुमार, भगवान सिंह, राजेंद्र परगाईं और कंचन चंदोला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इन दिनों पंडित पंत की मल्लीताल स्थित मूर्ति को नये स्थान पर पुर्नस्थापित करने के उपरांत सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।
चार वर्ष पूरे होने पर सरकार जश्न के साथ जनता के मुद्दों पर भी दे जवाब: यशपाल आर्य
नैनीताल। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा है कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का देवभूमि आगमन हो रहा है। लोकतंत्र में सरकारों द्वारा अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रखना स्वाभाविक है, लेकिन इसके साथ ही प्रदेश की वास्तविक स्थिति और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर भी गंभीरता से विचार होना चाहिए।
यशपाल आर्य ने शनिवार को प्रेस को जारी बयान में कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार हो रहा पलायन आज भी बड़ी चिंता का विषय है। अनेक गांव खाली हो रहे हैं और युवाओं को रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों की ओर जाना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पलायन रोकने के लिए पिछले चार वर्षों में क्या ठोस कदम उठाए गये हैं और भविष्य की क्या योजना है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना भी प्रदेश की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, चिकित्सालयों में संसाधनों का अभाव और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता आम लोगों के लिए बड़ी समस्या है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, संसाधनों का अभाव और घटती छात्र संख्या शिक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती बनकर खड़ी है। इसी प्रकार युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी भी एक गंभीर प्रश्न है। लाखों शिक्षित युवक-युवतियां रोजगार के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं और बड़ी संख्या में युवाओं को प्रदेश से बाहर जाना पड़ रहा है।
यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संवेदनशील राज्य है और प्राकृतिक आपदाएं हर वर्ष बड़ी चुनौती बनकर सामने आती हैं। इसलिए आपदा प्रबंधन, पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति, कृषि और बागवानी को सुदृढ़ बनाना तथा दुग्ध उत्पादन जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन देना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी कई स्थानों पर संतोषजनक नहीं है। पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है, लेकिन कई पर्यटन स्थलों पर अव्यवस्थित विकास और पर्यावरणीय दबाव भी चिंता का विषय है। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पर्यटन को टिकाऊ और स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी बनाने की दिशा में क्या योजनाएँ बनाई गयी हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं के बीच विश्वास का संकट भी उत्पन्न हुआ है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही हिमालयी पारिस्थितिकी और पर्यावरण संरक्षण भी उत्तराखंड के भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने का अवसर केवल उत्सव का ही नहीं बल्कि आत्ममंथन और जवाबदेही का भी होना चाहिए। प्रदेश की जनता अपेक्षा करती है कि सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन सभी महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखेंगे और उत्तराखंड के विकास के लिए स्पष्ट दिशा प्रस्तुत करेंगे।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले सभी योजनाओं की धनराशि व्यय करें: सीडीओ
नैनीताल। नैनीताल जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न विभागों को जिला, राज्य, केंद्र और बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से किए गये कार्यों तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागों को विभिन्न मदों में प्राप्त धनराशि 15 मार्च तक शत-प्रतिशत व्यय करने के निर्देश दिये हैं। शनिवार को विकास भवन भीमताल के सभागार में समीक्षा बैठक लेते हुए श्री पांडे ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के निकट है, इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें।
साथ ही सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद समय पर भुगतान के साथ उपभोग प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करे, इसके लिए सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत धनराशि व्यय करने के साथ बीस सूत्रीय कार्यक्रम के सभी मदों में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों में अभी भी धनराशि अवशेष है, वे 15 मार्च से पूर्व इसे व्यय करना सुनिश्चित करें।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विभागों ने अब तक बेहतर प्रगति की है, उसी प्रकार इस माह भी सभी मदों में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 मार्च से मोटर मार्गों पर हॉटमिक्स और डामरीकरण कार्य प्रारंभ किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन धनराशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण करने तथा बाल विकास विभाग को महिला और बाल कल्याण से जुड़े लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों के पास लंबे समय से धनराशि अवशेष है और मार्च में भी व्यय नहीं हो पाती है, तो संबंधित विभागीय अधिकारियों से ब्याज सहित धनराशि वसूली की जाएगी। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं और अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण भी करें। कार्य अधूरे पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद लॉ संस्थान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा नैनीताल के जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में डॉ. राजेंद्र प्रसाद लॉ संस्थान नैनीताल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज (सीनिर डिवीजन) पारुल थपलियाल ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। इन्होंने भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं के अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005, भरण-पोषण के अधिकार तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम 2013 के प्रावधानों की जानकारी दी गयी और संबंधित कानूनों में दंड के प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में डॉ. सुरेश पांडे, डॉ. कविता ने भी महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital News 7 March 2026) :
Nainital News 7 March 2026, Kumaun University Inter College Debate Competition Results Nainital, DSB Campus Nainital Debate Championship Kumaun University News, Pandit Govind Ballabh Pant Death Anniversary Tribute Nainital Event, Uttarakhand Political Issues Migration Employment Governance Debate, Nainital District Development Review Meeting Financial Year 2025 26, Nainital News 7 March 2026, Kumaun University Inter College Debate Competition Results Nainital, DSB Campus Nainital Debate Championship Kumaun University News, Pandit Govind Ballabh Pant Death Anniversary Tribute Nainital Event, Uttarakhand Political Issues Migration Employment Governance Debate, Nainital District Development Review Meeting Financial Year 2025 26,
Uttarakhand Government Schemes Fund Utilization District Review, Uttarakhand Government Schemes Fund Utilization District Review, International Women’s Day Legal Awareness Program Nainital Law Institute, Uttarakhand Education Youth Mental Health Debate Competition News, Rural Development And Governance Review Meeting Nainital Uttarakhand, Women Empowerment Legal Awareness Program Uttarakhand Judiciary Initiative, #UttarakhandNews #NainitalNews #EducationNews #UniversityDebate #WomenEmpowerment #LegalAwareness #Governance #PublicPolicy #PoliticalNews #DevelopmentNews
डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
