रीप परियोजना में अनियमितता का खुलासा, सीडीओ ने क्षेत्रीय प्रबंधक के निलंबन की संस्तुति के दिए निर्देश
नवीन समाचार, नैनीताल, 1 जुलाई 2026 (Nainital Administrative News 1 July)। नैनीताल जनपद के मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत गरमपानी स्थित सीएलएफ कार्यालय एवं आउटलेट का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने पर उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने तथा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रीप परियोजना के क्षेत्रीय प्रबंधक अवनीश पांडे द्वारा सीएलएफ कार्यालय के लिए किराए की संस्तुति की जा रही थी और जनपद स्तर से किराए की धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही थी, जबकि संबंधित सीएलएफ को कार्यालय भवन निःशुल्क आवंटित है। प्रारंभिक जांच में भीमताल और कोटाबाग क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की अनियमितताओं की जानकारी सामने आई। मुख्य विकास अधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए।
साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने गरमपानी स्थित रीप आउटलेट का भी निरीक्षण किया और उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा संचालन व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को किया हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 2 और 3 जुलाई को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, पेड़ों के गिरने तथा मोटर मार्गों के बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कार्मिकों के साथ 24 घंटे तैनात रहेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिला, परगना एवं विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारी अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहेंगे। तहसील स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल भी पूरी तरह अलर्ट रहेंगे।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी सूचनाएं तहसील कंट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में लौटाए न गए प्रपत्रों का घर-घर जाकर सत्यापन
नैनीताल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी राजनीतिक दलों, नागरिकों और युवाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही रूप से दर्ज हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटलीकरण के कार्य के साथ-साथ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा उन गणना प्रपत्रों का भी पुनः सत्यापन किया जा रहा है, जिन्हें पूर्व में वास्तविक स्थिति के आधार पर ‘अन-कलेक्टेबल’ श्रेणी में चिह्नित किया गया था। अभियान के तहत मतदाताओं के निवास स्थलों का सत्यापन, मैपिंग का डिजिटलीकरण तथा निर्वाचन अभिलेखों को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जनपद के सभी राजनीतिक दलों, सम्मानित नागरिकों और युवाओं से बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन अभियान में निर्वाचन विभाग के साथ समन्वय एवं सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता से ही मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 4 से 10 जुलाई तक नैनीताल में मनाया जाएगा सेवा सप्ताह, शिविरों में होगा जनसमस्याओं का समाधान
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल में 4 से 10 जुलाई तक सेवा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विकासखंड एवं तहसील स्तर पर बहुउद्देश्यीय शिविर लगाकर विभिन्न विभागों के माध्यम से जनसमस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सेवा सप्ताह कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को प्रातः 11 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से सेवा सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड परिसर भीमताल से होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शिविरों में स्वयं उपस्थित रहकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे तथा विभागीय स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर में विभागीय स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के तहत 4 जुलाई को विकासखंड परिसर भीमताल में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास विषयक विशेष कार्यक्रमों के साथ बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 5 जुलाई को स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में मैराथन, मंडल स्तरीय शूटिंग एवं साइकिलिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 6 जुलाई को विकासखंड परिसर रामनगर में स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण, बालिकाओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी विशेष शिविर तथा बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
7 जुलाई को तहसील परिसर कैंची धाम में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण से संबंधित कार्यक्रमों के साथ बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाएगा। 8 जुलाई को विकासखंड परिसर धारी में कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभागों के विशेष कार्यक्रम होंगे। 9 जुलाई को विकासखंड परिसर कोटाबाग में उद्योग, लघु उद्योग एवं सूक्ष्म उद्योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 10 जुलाई को विकासखंड परिसर हल्द्वानी में रेल, सड़क, रोपवे, जमरानी बांध, उड़ान योजना तथा वृहद अवस्थापना विकास विषयक कार्यक्रमों के साथ सेवा सप्ताह का समापन होगा।
वन महोत्सव सप्ताह के तहत नारायण नगर में हुआ पौधरोपण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नैनीताल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत जिला मुख्यालय से सटे नारायण नगर के चार खेत क्षेत्र में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल के नेतृत्व में वन विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पदम, त्रिलोच, पांगर, पुतली तथा बाँज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पंकज प्रसाद, यशवंत कुमार एवं अंबिका ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वन दरोगा संतोष गिरी, संतोष जोशी, हरीश चंद्र, वन आरक्षी राजेंद्र वर्मा, नारायण चंद्र, मनोज शाही, नंदन सिंह, धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार एवं दीप चंद्र सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital Administrative News 1 July) :
Nainital Administrative News 1 July, Nainital News, Uttarakhand News, REAP Project News, Garampani News, Arvind Kumar Pandey, Nainital Administration, Orange Alert Uttarakhand, Heavy Rain Alert Nainital, Seva Saptah Uttarakhand, Pushkar Singh Dhami, Bhimtal News, Kotabagh News, Voter List Revision, Forest Festival Uttarakhand, Rural Development News, REAP Project Irregularities in Nainital, Nainital Rain Alert Latest Update, Seva Saptah Public Camps Uttarakhand, Voter Verification Drive Nainital, Environmental Conservation Campaign Uttarakhand, #NainitalNews #UttarakhandNews #Garampani #REAPProject #OrangeAlert #RainAlert #SevaSaptah #Bhimtal #VoterListRevision #NavinSamachar

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
