मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध समिति के अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार दर्ज की निर्विरोध जीत
नवीन समाचार, नैनीताल, 12 सितंबर 2026 (Nainital Latest News 12 September 2026)। नैनीताल। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (Nainital Milk Producers Cooperative Union) के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गयी है। इनमें 238 समितियों में पदाधिकारी निर्विरोध चुने गये, जबकि सात समितियों में मतदान के माध्यम से चयन हुआ। च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की है।
मुकेश बोरा वर्ष 1996 से लगातार च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाते रहे हैं। इसके अलावा बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति में नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति तथा हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद पर जगदीश पंत ने जीत दर्ज की। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों को बधाई दी जा रही है।
हरतोला मंदिर में चोरी करने वाले को ग्रामीणों ने माफीनामा लिखवाकर छोड़ा
नैनीताल। नैनीताल जनपद के ग्राम हरतोला स्थित देवी मंदिर में चार सितंबर को दानपात्र और मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की गयी थी। इस संबंध में शनिवार को ग्रामीणों ने नेपाल निवासी सागर पुत्र दल सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रधान मंजू देवी की अगुवाई में आरोपित से माफीनामा लिखवाया और उसे उसकी मां को सौंप दिया। इस मामले में ग्राम निवासी जिला शासकीय अधिवक्ता-फौजदारी सुशील कुमार शर्मा ने जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत कर कार्रवाई का अनुरोध किया था।
दो आरोपित छह माह के लिए जिला बदर
नैनीताल। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के न्यायालय ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत दो आरोपितों को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश दिए हैं।
आदेश के अनुसार नाथूपुर पाडली, लामाचौड़, हल्द्वानी निवासी राजू सागर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के सात और गुंडा नियंत्रण अधिनियम का एक प्रकरण दर्ज है। वहीं पूरन सागर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के चार तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504 और 506 के तहत एक प्रकरण दर्ज है।
आपराधिक अभिलेखों और कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए दोनों को छह माह के लिए जनपद नैनीताल की सीमा से निष्कासित करने के आदेश दिए गये हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू
नैनीताल। इस सप्ताहांत और सोमवार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दृष्टिगत कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।
अल्मोड़ा-रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा के भारी वाहन निर्धारित मार्ग से चलेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली के मस्जिद तिराहे से रोका जा सकता है। चार पहिया वाहन रामगढ़-खुटानी मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले बाहरी पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से भवाली-कैंची धाम भेजा जाएगा। गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से शटल सेवा उपलब्ध होगी।
इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इस दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। यातायात पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों, वाहन स्वामियों और चालकों से असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करते हुए यात्रा करने की अपील की है।
लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना जल संस्थान और जल निगम की जिम्मेदारी: एडीएम
नैनीताल। अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने शनिवार को ज्योलीकोट क्षेत्र का भ्रमण कर ज्योलीकोट न्याय पंचायत की विभिन्न ग्राम सभाओं में पीलिया सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का हाल जाना। इसके बाद उन्होंने ज्योलीकोट किसान सेवा केंद्र में जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों की बैठक ली।
अपर जिलाधिकारी असवाल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को लोगों को स्वच्छ पेयजल सुचारु रूप से उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लेनी होगी। इन्होंने प्रदूषित जलस्रोतों से पानी की निकासी बंद कर नये स्रोत तलाशने और पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि जल संस्थान की लापरवाही के कारण तीन लोगों की जान चली गयी। इन्होंने कहा कि दूषित जल से पूरे क्षेत्र में बीमारी फैली है। जब तक प्रत्येक तोक और गांव का जल शुद्ध नहीं हो जाता, तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे। आगे कोई अनहोनी होने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय करने की बात भी इन्होंने कही।
बैठक में जल निगम के अधीक्षण अभियंता एके कटारिया, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, सर्विलेंस अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. मनोज कांडपाल, अधिशासी अभियंता जल निगम शशि पाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अनीश पिल्लेई, सहायक अभियंता जल निगम संजय कुमार, सहायक अभियंता जल संस्थान मोहन रावत, तहसीलदार अक्षय भट्ट, कानूनगो नरेश लाल वर्मा, पटवारी राकेश कठायत सहित ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल, हरगोविंद रावत, योगेश बोरा, राजेंद्र मनराल, मनीष कुमार, देवेंद्र नेगी, शकुंतला, कुंदन जीना, पुष्कर जोशी, प्रकाश आर्य और चंदन जीना आदि मौजूद रहे।
असहाय ग्रामीणों ने खाद्यान्न के लिए जिला पूर्ति अधिकारी से लगाई गुहार
नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र में पानी की अशुद्धियों के कारण दर्जनों परिवारों के कई लोग विभिन्न रोगों से पीड़ित हैं। वहीं गरीब परिवारों के सामने भोजन की समस्या भी खड़ी हो गयी है। प्रभावित ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भेजकर नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे कई परिवार हैं जो रोजाना मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के सदस्यों के अस्वस्थ होने के कारण वे अब काम पर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
नैनीताल में साह स्मृति लोकगीत गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
नैनीताल। प्रमुख कला, साहित्य एवं संगीत साधना केंद्र शारदा संघ सभागार में शनिवार को शारदा संघ और युगमंच के तत्वावधान में डॉ. सुशीला साह स्मृति लोकगीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
लोकगीत प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 28 प्रतिभागियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनकी आयु 15 वर्ष से कम थी। इनमें सार्थक पांडे, ऋषभ रैकवाल, मृत्युंजय भट्ट, गौरंग पांडे, काव्या पांडे, अंबर, त्रयबिंका सिंह तोमर, जिज्ञासा, कनिष्का, प्राची महरा, पीयूष चंद्र, अमन त्रिपाठी, तनिष्का पांडे, आरोही बिष्ट, राधिका मेहरा, निताश पाल, अंशिका चंद्रा, कृष्णवी शर्मा, यशस्विनी, वैष्णवी रानी, हर्षिता गुसाईं, दिव्या रावत, दिविका कुमार, मान्या बिनवाल, गौरवी मेहरा, खुशबू बिष्ट और अमबुदय शामिल रहे।
सीनियर वर्ग में जतिन कुमार, वंश छिमवाल, दिया आर्या, अनुष्का कोहली, धीरज सिंह बोहरा और नेहा ने प्रतिभाग किया। निर्णायक स्मित तिवारी और गौरव बिष्ट रहे।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल सहित मनोज कुमार, मिथलेश पांडे, नवीन बेगाना, अमन महाजन, रफत आलम, जय जोशी, राजा साह, राजीव महरोत्रा, राजेश साह, दीपक साह, डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, प्रियंका बिष्ट, पूनम कड़ाकोटी, मयंक सिराला, गौरव कुमार और हेमंत साह आदि उपस्थित रहे। इससे पूर्व सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का शारदा संघ के अध्यक्ष/महासचिव प्रो. देवेंद्र सिंह बिष्ट तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र लाल साह ने स्वागत किया और प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी।
नैनीताल में शाम को झमाझम बारिश, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को हुई परेशानी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में शनिवार शाम झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों सहित नैनीताल भ्रमण पर पहुंचे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर में दिनभर मौसम सामान्य बना रहा। हालांकि सुबह के समय मौसम बादलों से घिरा रहा और दिन में कई बार धूप निकली। शाम होते ही घना कोहरा छा गया और अचानक बारिश शुरू हो गयी। लगभग एक घंटे हुई बारिश से लोगों को परेशानी हुई। सप्ताहांत की सैर पर पहुंचे पर्यटक चिकित्सालयों और होटलों की ओर लौटने को मजबूर हुए।
वर्षा थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इधर, नैनी झील के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके चलते एक इंच पानी की निकासी की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी यलो अलर्ट जारी रहेगा। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश पांच मिलीमीटर हुई। आर्द्रता अधिकतम 90 और न्यूनतम 70 प्रतिशत रही।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital Latest News 12 September 2026) :
<
p style=”text-align: justify;”>Nainital Latest News 12 September 2026, Nainital News, Uttarakhand News, Mukesh Bora, Nainital Milk Union, Chyurigarh Milk Cooperative, Milk Cooperative Election 2026, Mukesh Bora 12th Victory, Nainital Milk Committee Election, Hartola Temple Theft, Nainital District Banishment, Kainchi Dham Traffic Diversion, Ganesh Chaturthi Kainchi Dham, Jyolikote Drinking Water Crisis, Nainital Folk Song Competition, Nainital Rain News, #Nainital #Uttarakhand #MukeshBora #NainitalMilkUnion #MilkCooperativeElection #KainchiDham #GaneshChaturthi #Jyolikote #DrinkingWaterCrisis #NainitalRain #FolkSongCompetition #UttarakhandNews

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।





















3 जून 2009 से संचालित उत्तराखंड का सबसे पुराना डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘नवीन समाचार’ अपने आरंभ से ही उत्तराखंड और देश-दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरें आप तक पहुँचाने का प्रयास करता आ रहा है। हिंदी में विशिष्ट लेखन शैली हमारी पहचान है। हमारा उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक आवाज को मजबूती से सामने लाना, स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देना और हिंदी पत्रकारिता को जीवित रखना है। हमारे प्रत्येक समाचार एक लाख से अधिक लोगों तक और हर दिन लगभग 10 लाख बार पहुंचते हैं।