वन्य प्राणी सप्ताह में 400 प्रतिभागियों ने दौड़ लगाकर दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों की नाटक प्रतियोगिता भी हुई
नवीन समाचार, नैनीताल, 4 अक्टूबर 2026 (Nainital Latest News 4 October 2026)। वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के तीसरे दिन रविवार को नैनीताल प्राणी उद्यान (Nainital Zoo) की ओर से मैराथन दौड़ और वन्यजीव संरक्षण विषय पर नाटक मंचन प्रतियोगिता आयोजित की गयी। मैराथन में लगभग 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्कूली वर्ग में सोलित कुमार और अक्षिता महर तथा ओपन वर्ग में लोकेश कुमार और साधना सिंह ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुलिस एवं वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैराथन का आयोजन नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में हुआ। उप निदेशक स्वाति और पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। स्कूली वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ मल्लीताल के बैंड स्टैंड से ठंडी सड़क, फांसी गधेरा होते हुए तल्लीताल तक और फिर वापस बैंड स्टैंड तक हुई। ओपन वर्ग की 12 किलोमीटर दौड़ बैंड स्टैंड से माल रोड होते हुए पाइंस तक और वहां से वापस बैंड स्टैंड तक आयोजित की गयी।
स्कूली छात्र वर्ग में सोलित कुमार प्रथम, कृष्णा सिंह बिष्ट द्वितीय और तुषार जोशी तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में अक्षिता महर ने पहला, आरती आर्या ने दूसरा और निशा अधिकारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ओपन पुरुष वर्ग में लोकेश कुमार प्रथम, दिनेश चंद्र द्वितीय और अमन बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में साधना सिंह प्रथम, खुशी गोस्वामी द्वितीय और उषा थुवाल तृतीय रहीं।
समापन अवसर पर उप निदेशक स्वाति ने आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा विभाग तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडे ने किया।
50 विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण पर प्रस्तुत किये नाटक
दूसरे सत्र में वन्य प्राणी सप्ताह की थीम ‘कनेक्टिंग हैबिटैट्स, थ्राइविंग वाइल्डलाइफ’ पर नाटक मंचन प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में डीएसबी परिसर के संगीत विभाग की अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. संध्या शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन हिमालयन बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर की वनस्पतिशास्त्री डॉ. रजनी रावत ने किया।
वन्य प्राणी सप्ताह के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी, राजकीय इंटर कॉलेज खनस्यू और राजकीय प्राथमिक पाठशाला खनस्यू के 50 विद्यार्थियों को नैनीताल प्राणी उद्यान का निःशुल्क भ्रमण भी कराया गया।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन आरक्षी पवन कुमार और नीरज कुमार, फार्मासिस्ट विक्रम सिंह मेहरा, सिस्टम विश्लेषक (System Analyst) आनंद सिंह और जीव विज्ञानी (Biologist) अनुज कांडपाल सहित प्राणी उद्यान, नगरपालिका वन क्षेत्र और नैना वन क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
59वीं अंतरविद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की तीन टीमों ने जीते मुकाबले
नैनीताल में चल रही 59वीं अंतरविद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता (Inter-School Basketball Competition) में रविवार को चार मुकाबले खेले गये। इनमें सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की तीन टीमों ने जीत दर्ज की, जबकि एक मुकाबले में वुडब्रिज स्कूल विजयी रहा।
पहले मुकाबले में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ‘बी’ ने वुडब्रिज स्कूल को 51-32 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में वुडब्रिज स्कूल ने सेंट मैरी कॉन्वेंट ‘व्हाइट’ को 13-8 से हराया। तीसरे मुकाबले में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ‘ए’ ने डेविटो स्कूल को 34-7 से पराजित किया। चौथे मुकाबले में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने सेंट मेरी कॉन्वेंट ‘ब्लू’ को 32-6 से हराया।
मुकाबलों में फरीद अहमद, हरीश, समीर अली और विनोद कनारी ने निर्णायक (Referee) की भूमिका निभायी। तकनीकी मेज पर दीपक, एजाज अहमद, फरदीन खान और ज्ञान ने सेवाएं दीं। इस अवसर पर रैना और जेपी सिंह मुख्य अतिथि रहे। डीएसए एवं एनटीजी के महासचिव मनोज जोशी और बास्केटबॉल सचिव हरीश जोशी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
नैनीताल में 13वीं अंतरविद्यालयी शतरंज चैंपियनशिप शुरू, 140 विद्यार्थी पांच राउंड में दिखाएंगे दम
पर्वतीय सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित 13वीं अंतरविद्यालयी शतरंज चैंपियनशिप (Inter-School Chess Championship) का रविवार को मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 140 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में पांच राउंड खेले जाने हैं।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर तिवारी ने बताया कि रविवार दोपहर भोजनावकाश तक तीन राउंड पूरे हो चुके थे। अंडर-9 वर्ग में अद्रिजा पांडे, अंडर-11 में आचित्य उपाध्याय और रिभ्या जोशी, अंडर-13 में रुचिर बिष्ट, राघव तिवारी, शुभांशु दत्ता और कुशाग्र सिंह आगे चल रहे थे।
अंडर-15 वर्ग में अभिराज ढैला और दिव्यांश चंदोला तथा अंडर-18 वर्ग में अर्जुन सिंह, आयुष गर्ग, निखिल सिंह और श्रद्धांश गंगवार ने बढ़त बनायी।
प्रतियोगिता में शेर सिंह बिष्ट, दिव्यांशु तिवारी, तोषित तिवारी, विश्व केतु वैद्य, मोहम्मद बिलाल, मुकेश बच्चन और मोहम्मद मतलूब निर्णायक की भूमिका निभा रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता डीके जोशी, मनोज बिष्ट ‘गुड्डू’ तथा विभिन्न विद्यालयों के शतरंज प्रशिक्षक विक्रम रावत, अमित कुमार, मोहम्मद वसीम, भूपेंद्र, मयंक रावत और संदीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में शेरवुड कॉलेज, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज स्कूल, बिड़ला विद्या मंदिर, सनवाल स्कूल, सैनिक स्कूल, जीडी गोयनका नौकुचियाताल, लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, रामा मोंटेसरी स्कूल, सेंट सैंट्स नैनीताल, सेंट मेरी और भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए डीएसबी परिसर की टीम चयनित, 10 खिलाड़ी करेंगी प्रतिनिधित्व
कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतरमहाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए डीएसबी परिसर नैनीताल की महिला वॉलीबॉल टीम का चयन किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी की ओर से किया जायेगा। चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चयनित खिलाड़ियों में मोनिका चौहान, दीक्षा बिष्ट, जागृति पाथ्र्याल, मानसी पांडेय, कविता धामी, सिमरन, अदिति भंडारी, मोनिका, रोशनी काठायत और दीक्षा जोशी शामिल हैं। इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, प्रो. रजनीश पांडेय, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. गगनदीप, डॉ. अशोक कुमार, अपूर्व बिष्ट और अनिता रावत सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। डीएसबी परिसर परिवार ने टीम से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जतायी।
डॉ. सुषमा शाह की स्मृति में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 20 विद्यालयों के 100 बच्चों ने दिखायी प्रतिभा
लेक सिटी वेलफेयर क्लब (Lake City Welfare Club) की ओर से नैनीताल बैंक (Nainital Bank) के प्रायोजन में डॉ. सुषमा शाह की स्मृति में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रविवार को चेतराम शाह ठुलघरिया इंटर कॉलेज में आयोजित की गयी। प्रतियोगिता में नगर के 20 विद्यालयों के 100 बच्चों ने विभिन्न वेशभूषाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगकर्मी प्रभात गंगोला ने दीप प्रज्वलित कर किया। बच्चों ने मां दुर्गा, चिकित्सक, अधिवक्ता, जगन्नाथ, शबरी, कृष्ण, शिव, पौधरोपण, बेटी बचाओ, रानी लक्ष्मीबाई, मीराबाई, मराठी महिला, रोबोट और बादल सहित विभिन्न विषयों पर आधारित वेशभूषाएं प्रस्तुत कीं।
सब जूनियर वर्ग में मोहनलाल शाह बाल विद्या मंदिर की दिशानी शाह प्रथम, बसंत वैली पब्लिक स्कूल की कायरा द्वितीय और होली अकादमी की लक्षिता तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में ऑल सेंट्स कॉलेज की आईजा प्रथम, उमा लवली स्कूल की सुमैया द्वितीय और बिशप शॉ इंटर स्कूल की लक्षिता तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में उमा लवली स्कूल की सलमानी जरिया प्रथम, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल की जारीआब द्वितीय और उमा लवली स्कूल के भावेश तृतीय रहे।
नैनीताल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब लंबे समय से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है। रंगकर्मी प्रभात गंगोला ने क्लब की सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की। सामाजिक कार्यकर्ता संजय साह ने कहा कि उनकी पत्नी स्वर्गीय सुषमा शाह की स्मृति में यह प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित की जाती रहेगी।
निर्णायक रंगकर्मी मिथिलेश पांडे और कौशल शाह जगाती रहे। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव डॉ. प्रगति जैन, कार्यक्रम संयोजक रानी शाह सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। संचालन मीनाक्षी कीर्ति ने किया।
कैंची धाम के पास श्रद्धालुओं पर हमला, एक का सिर फटा, पांच टांके लगे
कैंची धाम में नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए गुरुग्राम से आए दो श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामूली बात पर हुई कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने दोनों पर कथित तौर पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। घटना में संदीप कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी अभिमन्यु गुप्ता (26) को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार पुत्र मनोज कुमार सिन्हा और अभिमन्यु गुप्ता पुत्र रामरूप गुप्ता निवासी गुरुग्राम की कैंची धाम के पास कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। इसके बाद करीब पांच-छह लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की। हमले में संदीप के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। घायल दोनों श्रद्धालु उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचे। चिकित्सक डॉ. रमेश कुमार के अनुसार, संदीप के सिर पर गंभीर घाव होने के कारण पांच टांके लगाए गए, जबकि अभिमन्यु को प्राथमिक उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
कृष्णापुर सड़क की मांग को लेकर नौवें दिन भी धरना, बच्चों ने भी उठायी सड़क बनाने की मांग
तल्लीताल के कृष्णापुर वार्ड में सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का धरना रविवार को नौवें दिन भी गांधी चौक पर जारी रहा। पूर्व सभासद कैलाश सिंह रौतेला के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन में रविवार के अवकाश के कारण क्षेत्र के छोटे बच्चे भी शामिल हुए और सड़क निर्माण की मांग उठायी। क्षेत्रवासियों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जायेगा।
क्षेत्रवासियों के अनुसार कृष्णापुर के लोग लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें आश्वासन ही मिले हैं। उनका कहना है कि नगर का हिस्सा होने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी चुनाव के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं। प्रदर्शन में सभासद सुरेंद्र कुमार, रेखा जोशी, कांता गोस्वामी, प्रेमा जोशी और लक्ष्मी पपोला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और विद्यालयी बच्चे मौजूद रहे।
नैनीताल में पर्यटकों से अधिक किराया वसूलने पर चार टैक्सी चालकों पर चालानी कार्रवाई
नैनीताल में रविवार को रोडवेज बस के समय पर उपलब्ध नहीं होने का लाभ उठाते हुए कुछ टैक्सी चालकों पर पर्यटकों से मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगा। कई पर्यटकों ने तल्लीताल कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अधिक किराया वसूलने के मामले में चार टैक्सी चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सप्ताहांत में नगर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने और रोडवेज बस उपलब्ध नहीं होने पर कई लोग टैक्सी से हल्द्वानी और भवाली जाने को मजबूर हुए। इसी दौरान कुछ टैक्सी चालकों ने निर्धारित किराये से अधिक धनराशि वसूली। अस्थायी पार्किंग स्थलों तक जाने के लिए भी मनमाने किराये की शिकायत सामने आयी।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच की और अधिक किराया वसूलते मिले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। तल्लीताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि हल्द्वानी निवासी मो. नाजिम, वीरेंद्र सिंह, फरीदा और अनिल के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गयी है।
नैनीताल जू रोड पर टैक्सी और पर्यटक की कार टकराने के बाद विवाद, दोनों के खिलाफ कार्रवाई
तल्लीताल के जू रोड पर रविवार को कार टकराने के बाद पर्यटक और टैक्सी चालक के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस दोनों पक्षों को तल्लीताल कोतवाली ले गयी। पुलिस ने यातायात प्रभावित करने और अनावश्यक विवाद करने के मामले में दोनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर हिदायत दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के सोनीपत निवासी आनंद हुड्डा परिवार के साथ नैनीताल आये थे। जू रोड पर अपने होटल की ओर जाते समय उनकी कार नीचे की ओर आ रही एक टैक्सी से टकरा गयी। इसके बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों वाहन लेकर मॉल रोड की ओर चले गये। इसी दौरान आनंद हुड्डा ने आपात सहायता नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस के प्रयास के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ तो दोनों पक्षों को तल्लीताल कोतवाली लाया गया। वहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। पुलिस द्वारा वाहन सीज करने की बात कहे जाने के बाद दोनों शांत हुए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि यातायात प्रभावित करने और अनावश्यक विवाद करने पर सात नंबर निवासी अंशु तथा हरियाणा के सोनीपत निवासी आनंद हुड्डा के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गयी।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की संगोष्ठी में उन्नत पदार्थ विज्ञान और शोध में एआई के उपयोग पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कुमाऊं विश्वविद्यालय के हर्मिटेज परिसर में एएनआरएफ-पेयर परियोजना (ANRF-PAIR Project) और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं कार्यशाला (National Seminar and Workshop) के दूसरे दिन रविवार को उन्नत पदार्थ विज्ञान, नैनो-संरचनाओं और शोध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के उपयोग पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिये। कार्यक्रम में शोधार्थियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया।
तकनीकी सत्र की शुरुआत शिवाजी विश्वविद्यालय के प्रो. किरण कुमार शर्मा के व्याख्यान से हुई। उन्होंने रासायनिक रूप से अभियांत्रिकीकृत रिड्यूस्ड ग्राफीन आधारित द्वि-आयामी हेटेरोस्ट्रक्चर की जानकारी दी। उन्होंने ऊर्जा और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में इनके संभावित उपयोगों के साथ कंपोजिट और हेटेरोस्ट्रक्चर के बीच अंतर भी समझाया।
बंगलुरू विश्वविद्यालय के प्रो. बसवराज अंगड़ी ने इलेक्ट्रो-ऑप्टिक अनुप्रयोगों के लिए मेटल ऑक्साइड आधारित नैनोकार्बन क्वांटम डॉट्स के निर्माण और उपयोगों की जानकारी दी। भारतीय विज्ञान संस्थान, बंगलुरू के प्रो. अशोक रायचूर ने अभियांत्रिकीकृत पॉलीइलेक्ट्रोलाइट नैनो-संरचित बहुपरतीय फिल्मों की डिजाइन और अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला।
भारतीय विज्ञान संस्थान के प्रो. अभिक चौधरी ने शोध और शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर विचार साझा किये। उन्होंने साहित्य समीक्षा, डेटा विश्लेषण और शोध लेखन में एआई के उपयोग की संभावनाओं के साथ इसके जिम्मेदार, पारदर्शी और नैतिक उपयोग पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नीलम शर्मा, कुणाल जोशी, मानवी बत्रा और ज्योति जमनाल सहित शोधार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से नैनो पदार्थों, उन्नत पदार्थों और उनके उभरते अनुप्रयोगों से संबंधित शोध प्रस्तुत किये। विशेषज्ञों और शिक्षकों ने पोस्टरों का अवलोकन कर शोधार्थियों से संवाद किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विशेषज्ञों के साथ डॉ. नंद गोपाल साहू को जन्मदिन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। संगोष्ठी में शामिल विशेषज्ञों को शॉल, उत्तराखंड की टोपी, उनका रेखाचित्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. नंद गोपाल साहू, डॉ. गीता तिवारी, डॉ. महेश चंद्र आर्य, डॉ. पेनी जोशी, डॉ. संतोष उपाध्याय, डॉ. दीपशिखा जोशी, डॉ. गिरीश चंद्र खरकवाल, डॉ. आंचल अनेजा, डॉ. महेंद्र राणा, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. ललित मोहन, डॉ. प्रभात पंत और डॉ. पूनम सहित अनेक शिक्षक और शोधार्थी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार आगामी सत्रों में उन्नत विश्लेषणात्मक उपकरणों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सहित अन्य तकनीकी सत्र आयोजित किये जायेंगे।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
<
p style=”text-align: justify;”> Nainital Latest News 4 October 2026, Nainital News, Uttarakhand News, Wildlife Week 2026, Nainital Zoo, Basketball Competition, Chess Championship, Volleyball Team, Fancy Dress Competition, Krishnaapur Road, Taxi Fare Nainital, Kumaun University, AI Research, Nainital Events, Student Sports, Uttarakhand Education, Wildlife Week, plays, basketball, chess, volleyball, fancy dress competitions, children demand road construction, pilgrims attacked near Kainchi Dham,head injury sustained, dispute following a collision between Taxi and Tourist car, Kumaun University national seminar, #NainitalNews #UttarakhandNews #NainitalZoo #KumaunUniversity #WildlifeWeek

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
