भाजपा नेता प्रकाश आर्य के प्रयासों से रोडवेज कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त, देर शाम भवाली डिपो से बसों का संचालन शुरू
नवीन समाचार, नैनीताल, 1 नवंबर 2026 (Nainital Latest News 1 November 2026)। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के भवाली रोडवेज डिपो में पिछले तीन दिनों से मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने रविवार देर शाम आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद बसों का संचालन शुरू हो गया। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश आर्य के धरना स्थल पर पहुंचने और परिवहन मंत्री के स्तर पर मांगों को लेकर सहमति बनने की जानकारी देने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया।
कर्मचारियों ने इस दौरान प्रकाश आर्य को अपना मांगपत्र भी सौंपा। आर्य ने उनकी मांगें सुनीं और सांसद अजय भट्ट से फोन पर वार्ता कर भवाली डिपो के लिए 15 बसों की आवश्यकता बताई। कर्मचारियों को एक माह के भीतर बसें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उप महामंत्री एलडी पालीवाल ने बताया कि सरकार के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रकाश आर्य ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर को परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में परिवहन निगम प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में वेतन भुगतान, संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों के नियमितीकरण, महंगाई भत्ते, बसों की खरीद और कर्मचारियों की अन्य मांगों पर चर्चा हुई थी।
बैठक में अक्टूबर 2026 का वेतन चार नवंबर तक देने तथा नवंबर का वेतन दिसंबर तक भुगतान करने का प्रयास करने का निर्णय लिया गया था। संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने और भवाली डिपो सहित पर्वतीय मार्गों पर बसों की उपलब्धता के मुद्दे पर भी विचार किया गया था।
बैठक में आंदोलन में भाग लेने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नकारात्मक कार्रवाई न करने और आंदोलन अवधि का अवकाश स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए गए थे। इन आश्वासनों के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। अब भवाली डिपो में बसों की उपलब्धता और कर्मचारियों की अन्य मांगों पर आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
साढ़े 13 माह बाद सोमवार से वाहनों के लिए खुलेगी नैनीताल की लोअर माल रोड
उत्तराखंड के नैनीताल में लोअर माल रोड पर वाहन चालकों को सोमवार, दो नवंबर से बड़ी राहत मिलने जा रही है। लगभग साढ़े 13 माह से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद इस मार्ग को सोमवार से खोल दिया जाएगा। मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के उपचार और सुदृढ़ीकरण पर 3.48 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके साथ ही नैनीताल में यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है। देखें संबंधित वीडियो :
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 2025 को लोअर माल रोड का लगभग 40 मीटर हिस्सा भूस्खलन के कारण धंसकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग ने 22 सितंबर 2025 से मार्ग के उपचार और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू किया था। यह कार्य 15 अक्टूबर 2026 को पूरा हुआ। देखें वीडियो जब माल रोड बंद हुई थी:
कार्य पूरा होने के बाद अब मार्ग को वाहनों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए मार्ग पर लगाए गए अवरोध हटाने सहित अन्य सुरक्षात्मक कार्यों को रविवार को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तुला राम के अनुसार, सोमवार शाम को नैनीताल की विधायक सरिता आर्या हरी झंडी दिखाकर लोअर माल रोड पर यातायात शुरू करेंगी। लंबे समय से बंद इस मार्ग के खुलने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार नैनीताल ग्रामीण मंडल पहुंचे दिनेश आर्य, दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
उत्तराखंड के नैनीताल ग्रामीण मंडल में राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार पहुंचे दिनेश आर्य का घटगढ़, मंगोली, बजून और खुर्पाताल में ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान अधौड़ा की ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा सहित दर्जनों स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सांसद दिनेश आर्य, नैनीताल की विधायक सरिता आर्य और दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती ने कहा कि दिनेश आर्य का राज्यसभा पहुंचना संगठन की कार्यकर्ता-केंद्रित परंपरा का उदाहरण है। विधायक सरिता आर्य ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सांसद दिनेश आर्य ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने राज्यसभा की जिम्मेदारी को जनसेवा का अवसर बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य, गणेश मेहरा, योगेश बिष्ट, विजय बिष्ट, दीपक कनवाल और गौरव गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बिड़ला विद्या मंदिर का 79वां वार्षिकोत्सव मनाया, पटेल और टैगोर सदन को मिली विजेता ट्रॉफी
उत्तराखंड के नैनीताल स्थित बिड़ला विद्या मंदिर का 79वां वार्षिकोत्सव रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के पूर्व छात्र, अभिनेता एवं निर्देशक प्रमोद पाठक समारोह के मुख्य अतिथि रहे। विद्यार्थियों ने खेल, विज्ञान, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। इस अवसर पर शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं सदनों को सम्मानित किया गया। जूनियर स्कूल में पटेल सदन और सीनियर स्कूल में टैगोर सदन को वर्ष की विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी विंग की ओर से मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुआ। प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर सत्र 2026-27 की शैक्षणिक, खेल एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी और सभी का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि प्रमोद पाठक ने विद्यालय में बिताए अपने दिनों को याद किया और शिक्षकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने परिसर में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।
समारोह में विद्यार्थियों ने मास पीटी, ताइक्वांडो, म्यूजिकल ड्रिल और बैंड की प्रस्तुतियां दीं। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने विज्ञान, कला, सामाजिक विज्ञान, भाषा, मनोविज्ञान और शिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में वंदना, ऑर्केस्ट्रा, हिंदी एवं अंग्रेजी नाटक तथा समूह नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं।
इस अवसर पर विद्यालय के वित्त प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता, राकेश मोलाशी, पृथ्वीराज किरौला, लीला बिष्ट, केदार सिंह गड़िया सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेक सिटी वेलफेयर क्लब ने 12 वरिष्ठजनों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को बताई लोकसंस्कृति की महत्ता
उत्तराखंड के नैनीताल में अपनी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से लेक सिटी वेलफेयर क्लब ने रविवार को रॉयल होटल में ‘हमारी संस्कृति-हमारी पहचान एवं हमारे बुजुर्ग-हमारी धरोहर’ कार्यक्रम आयोजित किया। लोकसंस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच नगर के 12 वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान और अनुभवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और नैनीताल की विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण, डॉ. डीपी गंगोला, जोगेंद्र सिंह आनंद, आनंद राम आर्य, चेतसिंह बिष्ट, सुदर्शन शाह, श्रीष साह जगाती, उमा लांबा, गणेश वर्मा, भगवत प्रसाद लोहनी, अब्दुल रहमान और लीला बिष्ट को प्रतीक चिह्न भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कुमाऊं की लोकपरंपराओं की सुंदर छटा बिखेरी। वार्ड संख्या सात शेर का डांडा की टीम ने पारंपरिक बारहमासा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। येगा कुलोरा, नितेश शर्मा, मीनाक्षी आर्य और प्रमोद भाकुनी ने भी अपनी एकल प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पारंपरिक झोड़ा और चाचरी रहा। मसकबीन की मधुर धुनों के बीच लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों ने पूरे वातावरण को कुमाऊंनी संस्कृति के रंग में रंग दिया।
डॉ. दीपक पालीवाल बने कुमाऊं विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष, कूटा ने दी बधाई
उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय में डॉ. दीपक पालीवाल ने समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष का दायित्व संभाल लिया है। उन्होंने चक्रानुक्रम व्यवस्था के तहत प्रो. ज्योति जोशी के बाद तीन वर्ष के लिए यह जिम्मेदारी संभाली है। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने उनकी नियुक्ति पर देवदार का पौधा भेंट कर उन्हें बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पालीवाल इससे पहले इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर थे। उन्होंने महिला अध्ययन, लैंगिक समानता और वंचित समुदायों से जुड़े विषयों पर शोध किया है। उनकी छह पुस्तकें और 25 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उत्कृष्ट शोध के लिए उन्हें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का शोध पुरस्कार भी मिल चुका है।
इस अवसर पर कूटा के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, डॉ. संतोष, डॉ. शिवांगी चन्याल, डॉ. विजय कुमार, प्रो. अर्चना श्रीवास्तव और प्रो. प्रियंका सहित अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी।
रामगढ़ महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रतियोगिता में काजल और पवन बने चैंपियन
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। पुरुष वर्ग में पवन कुमार और महिला वर्ग में काजल पांडे ने समग्र प्रदर्शन के आधार पर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक और गोला फेंक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विभिन्न स्पर्धाओं में पवन कुमार, कमल नेगी, प्रकाश, पीयूष, काजल, शीतल, नित्या, गुंजन और ललिता बिष्ट सहित अन्य खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नगेंद्र द्विवेदी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इसलिए विद्यार्थियों को हार-जीत से परे खेलों में प्रतिभाग करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि उप शिक्षा अधिकारी प्रवीण अजरा ने शारीरिक शिक्षा को बौद्धिक शिक्षा जितना ही महत्वपूर्ण बताया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मार्च पास्ट के साथ हुआ। पूर्व चैंपियन नित्या साह ने मशाल दौड़ लगाई, जबकि योग शिक्षिका तनुजा जोशी ने योग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हरीश जोशी ने अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
<
p style=”text-align: justify;”>Nainital Latest News 1 November 2026, Nainital News, Uttarakhand News, Bhawali Roadways Depot, Roadways Employees Protest, Nainital Lower Mall Road, Nainital Traffic Update, Dinesh Arya Rajya Sabha MP, Nainital Rural BJP, Birla Vidya Mandir Annual Function, Pramod Pathak, Lake City Welfare Club Nainital, Kumaon Folk Culture, Kumaun University Sociology Department, Dr Deepak Paliwal, Government College Ramgarh Sports, Nainital Local News, Uttarakhand Education News, Nainital Latest Updates, #NainitalNews #UttarakhandNews #Kumaon #NainitalUpdates #Uttarakhand

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।















3 जून 2009 से संचालित उत्तराखंड का सबसे पुराना डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘नवीन समाचार’ अपने आरंभ से ही उत्तराखंड और देश-दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरें आप तक पहुँचाने का प्रयास करता आ रहा है। हिंदी में विशिष्ट लेखन शैली हमारी पहचान है। हमारा उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक आवाज को मजबूती से सामने लाना, स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देना और हिंदी पत्रकारिता को जीवित रखना है। हमारे प्रत्येक समाचार एक लाख से अधिक लोगों तक और हर दिन लगभग 10 लाख बार पहुंचते हैं। 
