पर्यटन नगरी नैनीताल में 22 होटल-गेस्ट हाउसों का निरीक्षण, 15 में मिलीं कमियां, छह पर जुर्माना और नौ को नोटिस
नवीन समाचार, नैनीताल, 9 अक्टूबर 2026 (Nainital Latest News 9 October 2026)। पर्यटन नगरी नैनीताल में होटल एवं गेस्ट हाउसों के मानकों की जांच के दौरान 22 इकाइयों में से 15 में कमियां मिलीं। इनमें छह इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि नौ इकाइयों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये। शेष सात इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित मिलीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत और नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने शुक्रवार को शहर के 22 होटल एवं गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कमरों की दरें प्रदर्शित नहीं करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं करने तथा पंजीकृत कक्षों से अधिक कमरे संचालित करने जैसी कमियां सामने आयीं।
अर्थदंडित इकाइयों में इनवाईट गेस्ट हाउस (Invite Guest House), लिटिल हैवन गेस्ट हाउस (Little Haven Guest House), स्काई लार्क गेस्ट हाउस (Sky Lark Guest House), टूरिस्ट होटल (Tourist Hotel), नैनी गेस्ट हाउस (Naini Guest House) और जेके गेस्ट हाउस (JK Guest House) शामिल हैं।
वहीं होटल परिहार (Hotel Parihar), टूरिस्ट होटल, होटल सिटी इन (Hotel City Inn), सुमन रेजेंसी (Suman Regency), गायत्री होटल (Gayatri Hotel), होटल टूरिस्ट ए ब्लॉक (Hotel Tourist A Block), स्टार गेस्ट हाउस (Star Guest House), होटल ब्रॉडवे (Hotel Broadway) और होटल फ्रेसवेव (Hotel Freshwave) को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये हैं।
निरीक्षण में होटल नीलम राज, ट्रेवलर पैराडाइज (Traveler Paradise), प्रेम सरोवर, बेल्वडेयर होटल (Belvedere Hotel), नैनीताल इन गेस्ट हाउस (Nainital Inn Guest House), रॉयस विला गेस्ट हाउस (Royce Villa Guest House) और होटल शिवोम मानकों के अनुरूप संचालित मिले। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल एवं होम स्टे इकाइयों का नियमित भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
नैनीताल के कई इलाकों में तीन दिन से पेयजल संकट, लोग परेशान

नैनीताल। नगर के रतन कॉटेज स्थित स्टॉक टैंक से आपूर्ति बाधित होने के कारण जू रोड से मालरोड तक कई क्षेत्रों में पिछले तीन दिन से पेयजल संकट बना हुआ है। शुक्रवार को भी जू रोड, भावर हॉल, अपर माल, शेर का डांडा और माल रोड सहित कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा। प्राकृतिक जलस्रोत नहीं होने से स्थानीय लोगों को पानी जुटाने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह मनौला ने बताया कि नानक होटल के पास मुख्य पेयजल लाइन फटने से आपूर्ति बाधित हुई थी। विभाग ने लाइन दुरुस्त कर दी थी, लेकिन बाद में दूसरे स्थान पर भी पाइपलाइन में खराबी आ गई। उन्होंने बताया कि खराबी दूर कर प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
होटल एसोसिएशन ने मांगी वैकल्पिक पाइपलाइन
नैनीताल के चिड़ियाघर रोड (Zoo Road) क्षेत्र में पिछले छह दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। बार-बार पाइपलाइनों में खराबी आने से स्थानीय निवासियों और होटल व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नैनीताल होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ने वैकल्पिक पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर क्षेत्र में वैकल्पिक पाइपलाइन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन में बार-बार खराबी आने से स्थानीय निवासियों के साथ ही होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को भी पेयजल की समस्या झेलनी पड़ती है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि भविष्य में मुख्य पाइपलाइन में खराबी आने की स्थिति में भी क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक पाइपलाइन की व्यवस्था की जाए। दूसरी ओर जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है और शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के पांच शिक्षाविद स्टैनफोर्ड की विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल
कुमाऊं विश्वविद्यालय के पांच पूर्व एवं वर्तमान शिक्षाविदों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय (Stanford University) और एल्सेवियर (Elsevier) से संबद्ध विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की वर्ष 2025-2026 की सूची में स्थान मिला है। इनमें वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं पर्यावरण विज्ञान निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह बर्गली सहित रसायन विज्ञान, वानिकी, भौतिकी और अर्थशास्त्र से जुड़े शिक्षाविद शामिल हैं। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रो. सुरेंद्र सिंह बर्गली की एक-वर्षीय शोध आंकड़ों पर आधारित सूची में वैश्विक रैंक 94,796 और पारिस्थितिकी उपक्षेत्र में रैंक 1,789 है। वह पिछले वर्ष भी इस सूची में शामिल रहे थे। उनके 250 से अधिक शोधपत्र, पुस्तक अध्याय और संपादकीय प्रकाशित हो चुके हैं। वह राष्ट्रीय पारिस्थितिकी संस्थान के फेलो हैं। संस्थान ने उन्हें वर्ष 2022 में पारिस्थितिकी विज्ञान में योगदान के लिए उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्रदान किया था। इसी वर्ष उन्हें 10 से अधिक शोध प्रभाव-कारक प्राप्त करने के लिए प्रो. केएस वाल्दिया शोध पुरस्कार भी मिला था। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने उन्हें वर्ष 2024 और 2025 में शोध, शिक्षण तथा शैक्षणिक नेतृत्व के लिए उत्कृष्ट संकाय पुरस्कार से सम्मानित किया था।
सूची में स्थान पाने वाले अन्य चार शिक्षाविदों में रसायन विज्ञान के प्रो. नंद गोपाल साहू लगातार सातवें वर्ष शामिल हुए हैं। डीएसबी परिसर के पूर्व विद्यार्थी और बेंगलुरु स्थित वुड साइंस इंस्टीट्यूट (Wood Science Institute) के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. के. पांडे को वानिकी क्षेत्र में वैश्विक रैंक 19 मिली है।
गणित के पूर्व विद्यार्थी और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (National Defence Academy—NDA), खड़गवासला में कार्यरत डॉ. नीरज पंत लगातार तीसरे वर्ष सूची में शामिल हुए हैं। उन्हें परमाणु एवं कण भौतिकी के क्षेत्र में 3,157वीं रैंक मिली है। वहीं जीएलए विश्वविद्यालय (GLA University) में कार्यरत कुमाऊं विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. रूबी सिंह को अर्थशास्त्र एवं व्यवसाय श्रेणी के ऊर्जा क्षेत्र में 3,305वीं वैश्विक रैंक प्राप्त हुई है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू लोधियाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल, डॉ. संतोष, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी और डॉ. अशोक कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे और डॉ. भुवन आर्य ने भी प्रो. बर्गली, प्रो. साहू, डॉ. पांडे, डॉ. पंत और डॉ. रूबी सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्या भारती की बैठकों में विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और संस्कार शिक्षा पर जोर
वीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में विद्या भारती के उत्तराखंड प्रांत के केंद्रीय अधिकारी प्रवास के अंतर्गत जिला केंद्र के विद्यालयों की समीक्षा और प्रांतीय कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की गयीं। बैठकों में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, संस्कार शिक्षा को प्राथमिकता देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिशु शिक्षा समिति, जन शिक्षा समिति और भारतीय शिक्षा समिति के प्रधानाचार्यों, व्यवस्थापकों तथा पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की बैठक अखिल भारतीय संगठन मंत्री गोविंद चंद्र महंत, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू और प्रांत संगठन मंत्री सुनील की उपस्थिति में हुई। इस दौरान गोविंद चंद्र महंत ने प्रभावी शिशु वाटिका, मानक परिषद, जिला टोली, संस्कार केंद्र और जिला केंद्र के विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
बैठक में नई शिक्षा नीति के अनुरूप जिला केंद्रों को सशक्त बनाने और संचार केंद्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। विद्यालयों में अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के शारीरिक, प्राणिक और मानसिक विकास, चरित्र निर्माण, पंच ज्ञानेंद्रियों एवं पंच कर्मेंद्रियों के सक्रिय विकास तथा संस्कार शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
प्रांतीय पदाधिकारियों, सदस्यों और पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की बैठक में मानक परिषद के माध्यम से विद्यालयों के प्रबंधन, नेतृत्व, पठन-पाठन और कार्यकर्ता व्यवस्था के मूल्यांकन के साथ ऑनलाइन रिपोर्टिंग पर चर्चा की गयी। बैठक में खेलकूद, अनुशासन, योग, संगीत, संस्कृत और अंग्रेजी के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराया गया।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Nainital Latest News 9 October 2026, Nainital News, Uttarakhand News, Hotel Inspection Nainital, Nainital Hotel Fine, Zoo Road Water Crisis, Nainital Tourism, Kumaun University, Top 2 Percent Scientists, Surendra Singh Bargali, Nand Gopal Sahu, Neeraj Pant, Ruby Singh, Vidya Bharati Uttarakhand, School Education, Sanskar Shiksha, #NainitalNews #UttarakhandNews #KumaunUniversity #VidyaBharati #NainitalTourism

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।