रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पर्यटन विभाग का शिकंजा, कास्टल ग्लैंप के प्रबंधक को नोटिस
नवीन समाचार, नैनीताल, 17 जून 2026 (Nainital Law and Order News 17 June)। पर्यटन विभाग ने ग्राम बगड़ मल्ला, पंगोट स्थित एक पर्यटन इकाई के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी जारी की है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी नैनीताल ने कास्टल ग्लैंप के प्रबंधक को नोटिस जारी करते हुए उत्तराखंड पर्यटन एवं यात्रा व्यवसाय पंजीकरण नियमावली-2014 तथा संशोधित नियमावली-2016 के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी की ओर से जारी नोटिस के अनुसार विभाग को स्थानीय ग्रामवासियों की ओर से साक्ष्यों सहित शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि संबंधित इकाई में रात 10 बजे के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे और संगीत का संचालन किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि इससे आसपास के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। पर्यटन विभाग ने इसे नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए संस्थान प्रबंधन को तत्काल ऐसी गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा शिकायतों का समाधान नहीं होने की स्थिति में नियमावली के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही संबंधित पर्यटन इकाई का पंजीकरण निरस्त किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। पर्यटन विभाग की इस कार्रवाई को स्थानीय ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों पर उठाया गया कदम माना जा रहा है। विभाग का कहना है कि पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय निवासियों की सुविधा और शांति बनाए रखना भी आवश्यक है।
नैनीताल के जिला चिकित्सालय में शराबी का उत्पात, पीआरडी जवानों से की हाथापाई
नैनीताल। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में बुधवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक ने चिकित्सालय परिसर में उत्पात मचाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पीआरडी जवानों से भी हाथापाई कर दी। घटना से चिकित्सालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय बीडी पांडे चिकित्सालय में एक युवक को बाहर लेटा देख पीआरडी जवान ने उसे उठाने का प्रयास किया। युवक के उठने पर उससे परेशानी के बारे में पूछा गया। नींद से जागा युवक, जो पहले से ही शराब के नशे में था, वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। जब सुरक्षा में तैनात पीआरडी जवानों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह उनसे उलझ गया और हाथापाई पर उतर आया।
हंगामे के दौरान चिकित्सालय में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सालय के कर्मचारियों और पीआरडी जवानों ने मिलकर युवक को काबू किया और एक स्थान पर बैठाकर रखा। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। चिकित्सालय की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
नैनीताल में अवैध टैक्सी बाइकों पर आरटीओ का शिकंजा, हाईकोर्ट के निर्देशों पर तेज हुआ अभियान, विरोध के बीच भी जारी रही कार्रवाई
नैनीताल। नैनीताल में अवैध रूप से संचालित टैक्सी बाइकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय के नेतृत्व में परिवहन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। बुधवार को 68 टैक्सी बाइकों समेत 74 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बुधवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शहर का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट रोड पर 15 से 20 टैक्सी बाइकों को रोका गया। प्रारंभिक जांच में इनके संचालन को लेकर सवाल उठने पर आयुक्त ने आरटीओ विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।आरटीओ की टीम जब कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो टैक्सी बाइक संचालकों के साथ कुछ पर्यटकों ने भी विरोध जताया। विरोध बढ़ने पर कई लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बावजूद कार्रवाई जारी रही।
आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि अवैध रूप से संचालित 68 व्यावसायिक दोपहिया वाहनों समेत 74 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी के निर्देश पर नैनीताल में वाहन सीज
नैनीताल। मल्लीताल में एक टैक्सी चालक को सड़क पर वाहन पार्क करना महंगा पड़ गया। एसएसपी की नाराजगी के बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार मल्लीताल मस्जिद तिराहे के समीप मो. शाकिर ने अपना टैक्सी वाहन संख्या यूके-01-टीए-1038 सड़क किनारे खड़ा किया और वहां से चला गया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एसएसपी की नजर सड़क किनारे खड़े वाहन पर पड़ी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। इस पर उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की तत्परता से पर्यटक को मिला खोया बैग, लौटाए 10 हजार रुपये
नैनीताल। नैनीताल पुलिस की सक्रियता और जिम्मेदार कार्यप्रणाली के चलते कानपुर से घूमने आए एक पर्यटक को उसका खोया हुआ बैग सकुशल वापस मिल गया। बैग में नकदी समेत अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खोजकर उसके स्वामी को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी रौनक भाटिया अपनी पत्नी और बच्चे के साथ नैनीताल घूमने आए थे। इस दौरान उनका बैग एक टैक्सी में छूट गया, जिसमें करीब 10 हजार रुपये नकद सहित अन्य आवश्यक सामान रखा था। बैग गुम होने का पता चलते ही उन्होंने तल्लीताल थाने पहुंचकर पुलिस से सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही तल्लीताल थाने में तैनात एएसआई सुनील कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित टैक्सी की पहचान की गई। पता चला कि टैक्सी नैनीताल से आगे घोड़ाखाल पहुंच चुकी थी। पुलिस ने तत्काल टैक्सी चालक से संपर्क स्थापित किया और बैग को सुरक्षित बस के माध्यम से नैनीताल मंगवाया।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि बैग उसके वास्तविक स्वामी रौनक भाटिया को सौंप दिया गया है। बैग में रखी नकदी और अन्य सामान भी सुरक्षित मिला। अपना सामान वापस मिलने पर पर्यटक ने नैनीताल पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
नैनीताल पुलिस का सराहनीय कार्य, परिजनों से बिछड़ा मासूम सकुशल मिलाया
नैनीताल। पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए परिजनों से बिछड़े एक मासूम बच्चे को खोजकर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार मल्लीताल क्षेत्र में घूमने के दौरान अहद अली नामक बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था। बच्चे के अकेले होने की सूचना मिलने पर पुलिस सहायता केंद्र पंत पार्क में तैनात हेड कांस्टेबल ने तत्काल उसे अपनी सुरक्षा में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। काफी प्रयासों के बाद बच्चे के पिता वाजिद अली का पता लगाया गया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पुलिस के अनुसार इस पर्यटन सीजन में परिजनों से बिछड़ने वाले बच्चों का यह छठा मामला था, जिसमें पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया।
पाठकों से आग्रह है कि इस समाचार से संबंधित अपनी राय और विचार नीचे दिए गए कमेन्ट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
नैनीताल में क्लिक करके नैनीताल जनपद में हाल के दिनों में हुई अन्य सभी महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ी पूरी रिपोर्ट पढ़ी जा सकती हैं। इसी तरह पिथौरागढ़ के समाचार, अल्मोड़ा के समाचार, बागेश्वर के समाचार, चंपावत के समाचार, ऊधमसिंह नगर के समाचार, देहरादून के समाचार, उत्तरकाशी के समाचार, पौड़ी के समाचार, टिहरी जनपद के समाचार, चमोली के समाचार, रुद्रप्रयाग के समाचार, हरिद्वार के समाचार और उत्तराखंड से संबंधित अन्य समाचार भी पढ़ सकते हैं।
आज के अन्य एवं अधिक पढ़े जा रहे उत्तराखंड के नवीनतम अपडेट्स-‘नवीन समाचार’ पर पढ़ें। हमारे व्हाट्सएप चैनल से, फेसबुक ग्रुप से, गूगल न्यूज से, एक्स से, थ्रेड्स चैनल से और डेलीहंट से जुड़ें। अमेजॉन पर सर्वाधिक छूटों के साथ खरीददारी करने के लिए यहां क्लिक करें। यदि आपको लगता है कि ‘नवीन समाचार’ अच्छा कार्य कर रहा है तो हमें यहाँ क्लिक करके सहयोग करें..।
Tags (Nainital Law and Order News 17 June) :
Nainital Law and Order News 17 June, Uttarakhand News, Nainital News, Tourism News, Crime News, Traffic News, Pangot Resort DJ Noise Complaint Case, Nainital Hospital Security Incident, Illegal Taxi Bike Action Nainital, High Court Transport Enforcement Uttarakhand, Vehicle Seized For Traffic Violation Nainital, Tourist Lost Bag Recovery By Police, Missing Child Reunited With Family Nainital, Nainital Police Public Assistance Cases, Tourism Regulation Compliance Uttarakhand, Road Safety Enforcement Nainital, #Nainital #UttarakhandNews #TourismNews #CrimeNews #TrafficNews #NainitalPolice #RTOAction #TaxiBike #NoisePollution #TouristSafety #RoadSafety #PublicSafety #HospitalNews #BreakingNews #LocalNews

डॉ.नवीन जोशी, पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, ‘कुमाऊँ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पीएचडी की डिग्री प्राप्त पहले और वर्ष 2015 से उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। 15 लाख से अधिक नए उपयोक्ताओं के द्वारा 150 मिलियन यानी 1.5 करोड़ से अधिक बार पढी गई आपकी अपनी पसंदीदा व भरोसेमंद समाचार वेबसाइट ‘नवीन समाचार’ के संपादक हैं, साथ ही राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्थान समाचार आदि समाचार पत्र एवं समाचार एजेंसियों से भी जुड़े हैं। देश के पत्रकारों के सबसे बड़े संगठन ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) उत्तराखंड’ के उत्तराखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री भी हैं और उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त राज्य आंदोलनकारी भी हैं। डॉ. जोशी के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
नवीन समाचार’ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल से जून 2009 से इंटरननेट-वेब मीडिया पर सक्रिय, उत्तराखंड का सबसे पुराना ऑनलाइन पत्रकारिता में सक्रिय समूह है। यह उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त रहा, अलेक्सा रैंकिंग के अनुसार उत्तराखंड के समाचार पोर्टलों में अग्रणी, गूगल सर्च पर उत्तराखंड के सर्वश्रेष्ठ, भरोसेमंद समाचार पोर्टल के रूप में अग्रणी, समाचारों को नवीन दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाला ऑनलाइन समाचार पोर्टल भी है।
